PATNA : मायके से आयी बहु घंटों ससुराल के दहलीज पर रही खड़ी लेकिन नहीं खुला दरवाजा
फतुहा। सोमवार को पटना जिला के फतुहा प्रखंड के रायपुरा में उस समय गहमा-गहमी हो गई जब मायके से लौटी बहु अपने ट्रॉली बैग के साथ घंटों अपने ससुराल के दहलीज पर खड़ी रही लेकिन उसके ससुराली परिजनों ने गेट नहीं खोली। पीड़ित बहु बार-बार अपने ससुराली परिजनों से गेट खोलने की अनुरोध करती रही। आसपास के लोग भी गेट खोलने का अनुनय-विनय करते रहे लेकिन ससुराली परिजनों ने किसी की भी कोई बात नहीं सुनी। इसके बाद पीड़ित बहु अपनी मां के साथ थाने पहुंची।
बताया जाता है कि पीड़ित महिला खुशबू कुमारी का विवाह एक साल पहले रायपुरा के एक युवक के साथ हुई थी। पीड़ित महिला की माने तो शादी के कुछ ही दिनों तक घर की स्थिति सामान्य रही। लेकिन इसके बाद उसके पति व जेठानी के द्वारा प्रताड़ित करने का सिलसिला शुरू हो गया। बीते सितम्बर माह में दोनों के द्वारा मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। जिसके बाद पीड़ित महिला अपने मायके चंडी थाना के जागो बिगहा गांव चली गई। लेकिन इस दौरान उसके पति व अन्य परिजनों ने उसकी कोई सुध नहीं ली। अंतत: वह अपनी मां के साथ खुद ससुराल में पति के साथ रहने के लिए रायपुरा पहुंची। लेकिन ससुराली परिजनों ने गेट नहीं खोली। महिला के अनुसार, उसका पति वहां से उसे देखते ही हट गया। महिला थाने पहुंचकर पुलिस से ससुराल भेजे जाने की गुहार लगाई है। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की छानबीन करते हुए उसके ससुराल में उसे रखवाने की तैयारी कर रही थी।


