February 25, 2026

BIHAR : कोरोना संक्रमण से रिकवरी दर 91.74 प्रतिशत, 1,314 नये मामले आये सामने

पटना। सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के सचिव अनुपम कुमार ने बताया कि कोविड-19 की वर्तमान स्थिति को लेकर सरकार पूरी तत्परता से सभी आवश्यक कदम उठा रही है। आज की तिथि में कोरोना संक्रमण से रिकवरी दर 91.74 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से अब भी 13 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने बताया कि रोजगार सृजन पर सरकार का विशेष ध्यान है और लॉकडाउन पीरियड से लेकर अभी तक 05 लाख 60 हजार 737 योजनाओं के अंतर्गत 15 करोड़ 68 लाख से अधिक मानव दिवसों का सृजन किया जा चुका है।
कोविड-19 के 13,161 एक्टिव मरीज
स्वास्थ्य सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण से पिछले 24 घंटे में 1,381 लोग स्वस्थ हुए हैं और अब तक 1,55,824 लोग कोविड-19 संक्रमण से स्वस्थ हो चुके हैं। विगत 24 घंटे में कोविड-19 के 1,314 नये मामले सामने आये हैं। वर्तमान में बिहार में कोविड-19 के 13,161 एक्टिव मरीज हैं। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर को 1,73,603 सैंपल्स की जांच की गई है और अब तक की गयी कुल जांच की संख्या 58,73,939 है।
मास्क नहीं पहनने वाले 4,020 व्यक्तियों पर जुर्माना
अपर पुलिस महानिदेशक जितेन्द्र कुमार ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 426 वाहन जब्त किये गये हैं और 11 लाख 97 हजार 500 रुपए की राशि जुर्माने के रुप में वसूल की गई है। 1 सितंबर से अब तक 16 कांड दर्ज किये गए हैं और 58 व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई है। कुल 9,870 वाहन जब्त किए गए हैं और करीब 03 करोड़ 07 लाख 39 हजार रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में मास्क नहीं पहनने वाले 4,020 व्यक्तियों से 02 लाख 01 हजार रुपए की राशि जुर्माने के रूप में वसूल की गयी है। इस प्रकार 01 सितंबर से अब तक मास्क नहीं पहनने वाले 1,05,900 व्यक्तियों से 52 लाख 95 हजार रुपए की जुर्माना राशि वसूल की गयी है।

You may have missed