December 10, 2025

BIHAR : रालोसपा के मुख्य प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा, राजद पर किया कटाक्ष

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी रालोसपा को बड़ा झटका लगा है। रालोसपा के मुख्य प्रवक्ता अभिषेक झा ने पार्टी से इस्तीफा देकर जदयू का दामन थाम लिया। अभिषेक झा ने इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को पत्र लिखकर बिहार प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बिना नाम लिए राजद पर कटाक्ष भी किया है। बता दें कि अभिषेक झा उपेंद्र कुशवाहा के बेहद करीबी माने जाते हैं।
अभिषेक झा ने कुशवाहा को लिखे पत्र में कहा है कि राष्ट्रीय लोक समता पार्टी अपने निर्माण काल से ही विभिन्न जनहित से जुड़े मुद्दे को लेकर संघर्ष कर रही थी। आपको पूरा बिहार एक बुद्धिजीवी विद्वान प्रोफेसर और नेता के रूप में जानता है। केंद्रीय राज्यमंत्री हो या नेता प्रतिपक्ष इन पदों को आप ने संभाला है, लेकिन अभी के परिवेश में ऐसा लगता है जैसे इस गठबंधन में हमारी राजनीति 9वीं पास या फेल नवोदित नेता के दरवाजे पर खड़ी है।
अभिषेक झा ने कहा है कि राजनीतिक पार्टी के रूप में हमारे लिए सबसे जरूरी है जनता का मुद्दा, महागठबंधन के अंदर रहकर यह कर पाना संभव नहीं हो सकता है। पार्टी के अंदर भी बहुत मौके और विषयों पर मेरी राय को नजरअंदाज किया गया। ऐसी परिस्थिति में सम्मान के साथ समझौता करके राजनीति कर पाना मेरे लिए संभव नहीं है। इसलिए मैं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता पद और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रहा हूं।

You may have missed