January 7, 2026

खबरें फतुहा की : जालसाजों ने उड़ाए रुपए, दो महिला जख्मी, आग्नेयास्त्र का सत्यापन, महिलाओं ने गंगा में लगायी डुबकी

एटीएम क्लोन कर खाते से जालसाजों ने उड़ाए रुपए
फतुहा। खाताधारक के खाते से जालसाजों द्वारा एटीएम क्लोन कर 22 हजार रुपए उड़ा लिए गये। जब खाताधारक को मोबाइल फोन पर पैसे निकाले जाने की मैसेज प्राप्त हुई तो सीधे बैंक पहुचे और बैंक अधिकारियों से मिलकर घटना की जानकारी ली। बताया जाता है कि सबलपुर निवासी विकास कुमार का खाता बैंक आॅफ बड़ौदा में हैं लेकिन जालसाजों द्वारा कच्ची दरगाह स्थित एक निजी बैंक के एटीएम से तीन बार में कुल 22 हजार रुपए निकाल लिए गये। यह पैसा एटीएम को क्लोन कर निकाले गए हैं। इस संदर्भ में खाताधारक विकास कुमार के अनुपस्थिति में उसके भाई करण कुमार ने थाने में जालसाजों के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराई है।

मारपीट में दो महिला जख्मी
फतुहा। बुधवार सुबह ठेगुआ गांव में दो पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर दो महिलाओं पर लोहे के रड से हमला कर जख्मी कर दिया। जख्मी दोनों महिला का इलाज पीएचसी में कराया गया। दोनों महिला ने संयुक्त रुप से विरोधी पक्ष के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करायी गयी है। जख्मी महिला रामसखी देवी व गीता देवी है। बताया जाता है कि आपसी विवाद को लेकर बीते मंगलवार को रामसखी देवी का विरोधी पक्ष के महिलाओं के साथ घरेलू विवाद को लेकर झगड़ा हो गया था। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

आग्नेयास्त्र का किया गया सत्यापन
फतुहा। बुधवार को थाना परिसर में पुलिस पदाधिकारी के द्वारा आग्नेयास्त्र का सत्यापन किया गया तथा उनके लाइसेंस का भी निरीक्षण किया गया। करीब एक दर्जन से अधिक आग्नेयास्त्र का सत्यापन किया गया। इस दौरान दंडाधिकारी के रुप में सीओ अनीता भारती भी मौजूद रही। सीओ अनीता भारती के अनुसार, सत्यापन के कार्य में तेजी लाया जा रहा है तथा दो-तीन दिन के अंदर सभी लाइसेंस युक्त आग्नेयास्त्र का सत्यापन कर लिया जाएगा। मौके पर थानाध्यक्ष मनीष कुमार भी मौजूद थे।

जिउतिया के नहाय-खाय पर सैकड़ों महिलाओं ने गंगा में लगायी डुबकी
फतुहा। बुधवार को जिउतिया के नहाय-खाय पर सैकड़ों महिलाओं ने गंगा घाट पर पहुंचकर गंगा स्नान किया तथा पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने त्रिवेणी संगम, मस्ताना घाट व कटैया घाट पर गंगा स्नान किया। हालांकि इस दौरान महिला श्रद्धालुओं के बीच न तो सोशल डिस्टेंस दिखाई दी और न ही उनके मुख पर मास्क दिखे। विदित हो कि महिलाएं अपने पुत्र के सुख-समृद्धि के लिए गुरुवार को जिउतिया व्रत करेंगी।

You may have missed