बिहार को डिजिटल इंडिया से जोड़ने में मददगार साबित होगा यह कार्ड : मंत्री
पटना। अत्तुनिया फाउंडेशन ने जनहित में अपने कार्य को आगे बढ़ाते हुए आमजन को विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अत्तुनिया डिजिटल कॉर्ड को लांच किया है। बेली रोड स्थित होटल एवीआर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सह उद्धघाटनकर्ता कृषि, मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री प्रेम कुमार, विशिष्ट अतिथि बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामजी यादव, शिक्षाविद अमरदीप झा गौतम, भाजपा कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक बरूण कुमार सिंह, जदयू कलमजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार व अतुनिया फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत प्रताप ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री प्रेम कुमार ने कहा कि अतुनिया डिजिटल कार्ड का शुभारंभ आने वाले समय में बिहार को डिजिटल इंडिया से जोड़ने में मददगार साबित होगा। यह डिजिटल कार्ड आत्मनिर्भर भारत और बिहार की ओर जागरूकता का कदम है।
वहीं फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत प्रताप ने डिजिटल कार्ड के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि इस कार्ड का उद्देश्य लोगों को सरकारी व गैर सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें इसका लाभ दिलाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन, कृषि सहित अन्य क्षेत्र में लोग इसका लाभ ले सकते हैं। इस अवसर पर अतुनिया फाउंडेशन से जुड़े सभी सदस्य मौजूद थे।


