September 15, 2026

PATNA : पुनपुन नदी खतरे के निशान से पार, सकरैचा पंचायत के कई गांवो में बाढ़ का खतरा बढ़ा, ग्रामीणों में हड़कंप

जल संसाधन के सहायक अभियंता के साथ अंचलाधिकारी ने लिया जायजा


फुलवारी शरीफ। फुलवारी शरीफ के सकरैचा पंचायत के कई गावों में एक बार फिर से पुनपुन नदी के बाढ़ के पानी घुसने के बढ़ते खतरे को दखते हुए नदी तल के आसपास बसे गांव के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। उफनाई पुनपुन नदी के बाढ़ के पानी लगातार बढ़ने से कई गांवों के लोग रतजगा कर पानी के धार को देख रहे हैं। पुनपुन नदी के किनारे बसे महुआ बाग, बघपुर, चिन्हुट, सलारपुर, मोईउद्दीनपुर, सकरैचा सहित आसपास के गांव में मुखिया संतोष कुमार ने ग्रामीणों से घबराने की नहीं, बल्कि सचेत रहने की अपील की है। इस बीच सोमवार को फुलवारी प्रखंड के ग्राम पंचायत सकरैचा में बाढ़ की संभावना को देखते हुये अंचलाधिकारी कुमार कुंदन लाल ने पुनपुन नदी के सुरक्षा बांध को घूम-घूम कर निरीक्षण किया। सीओ के साथ में सहायक अभियंता मोती लाल मंडल, जेई रंजीत कुमार, कर्मचारी सुनील रजक, उपेन्द्र कुमार, मुखिया संतोष कुमार, उप मुखिया प्रकाश रंजन भी उपस्तित थे।
सकरैचा पंचायत के मुखिया संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पिछले साल बाढ़ के विकराल रूप से पुनपुन नदी के सुरक्षा बांध पर स्थित कई गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया था। इतना ही नहीं, पुनपुन का जलस्तर इस कदर बढ़ गया था कि पटना-गया रेलखंड पर रेलवे परिचालन बंद करना पड़ा था। अंचलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों के साथ ही मुखिया और अन्य स्थानीय जन प्रतिनिधियों को बाढ़ के खतरे के बारे में पल-पल निगरानी करने और जानकारियों को साझा करने की जिम्मेवारी दिया है।

You may have missed