BARH : फतेहपुर पंचायत ने स्वच्छता को अपनाया, हो रही चहुंओर चर्चा

बाढ। पटना जिला के बाढ़ अनुमंडल का एक पंचायत ऐसा भी है, जहां स्वच्छता के साथ-साथ राज्य सरकार की ड्रीम प्रोजेक्ट सात निश्चय योजना पर खूब कार्य हुआ है। उक्त पंचायत की पूरे प्रखंड में जमकर प्रशंसा हो रही है।
बाढ़ अनुमंडल के बेलछी प्रखंड स्थित फतेहपुर पंचायत को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सजाया गया था। उक्त पंचायत में दाखिल होने से पहले सड़क पर तोरणद्वार बनाया गया है, जिस पर फतेहपुर पंचायत की महिला मुखिया किरण देवी और दाहिने ओर निवेदक में युवा जदयू के प्रखंड अध्यक्ष राजीत कुमार उर्फ टिंकू नेता का बैनर लगा दिखाई देता है। बैनर देखते ही पता चल जाता है कि उक्त पंचायत में स्वच्छता अभियान पर खासा जोर दिए गए हैं। बैनर में लिखा है “स्वच्छ भारत मिशन, ग्रामीण लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान के तहत ग्राम पंचायत राज फतेहपुर वासियों का अभिनंदन”, वहीं तोरणद्वार के बाएं ओर लगाए गए एक अन्य बैनर में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करते दर्शाया गया है। इसके बाद पंचायत के अंदर दाखिल होने पर वहां मुखिया किरण देवी तिरंगा फहराते नजर आती हैं।


झंडोत्तोलन करने के बाद मुखिया प्रतिनिधि राजीत कुमार उर्फ टिंकू नेता बताते हैं कि मुखिया द्वारा पंचायत में लोहिया स्वच्छता अभियान के तहत प्रति आधा दर्जन घरों पर एक गीला एवं सूखा (पीला एवं हरे रंग) कूड़ेदान लगाया गया है ताकि गांव के लोग घर के कचरे को उक्त कूड़ेदान में डाल कर बीमारी से बचे रहें। यही नहीं उक्त पंचायत में नीतीश सरकार की महत्वकांक्षी योजना जल जीवन हरियाली और सात निश्चय योजना का कार्य भी दिखा। जल जीवन हरियाली के तहत पंचायत के सड़कों के किनारे पेड़ तो लगाया ही गया, साथ ही जल को संग्रहित करने के लिए आहर-पईन के भी कार्य नजर आए। जिससे कई लोगों को उक्त योजना के तहत रोजगार भी मुहैया कराया गया।
इस संबंध में मुखिया किरण देवी कहती हैं कि हमने गांव के लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही प्रति आधा दर्जन घरों पर डस्टबिन मुहैया कराया है ताकि लोग अपने घरों के कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय उक्त कूड़ेदान का प्रयोग करें, जिससे हमारे पंचायत के लोग बीमारी से बच सकें। वहीं गांव की महिलाओं से बात करने पर उन्होंने मुखिया के कार्य के प्रति संतोष व्यक्त करते हुए उनकी जमकर प्रशंसा की।

You may have missed