मधेपुरा में जदयू नेता अशोक यादव की गोली मारकर हत्या,जिले में भय तथा दहशत का माहौल

मधेपुरा।बिहार में अपराधियों का मनोबल इतना बड़ा हुआ है कि अब वे आम जनता के साथ नेताओं को भी निशाना बना रहे हैं।मधेपुरा में अपराधियों ने सत्ताधारी जदयू के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी।बताया जाता है कि मधेपुरा में जदयू के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अशोक यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई है।घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार जदयू के गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष अशोक यादव एक पान की दुकान पर खड़े होकर कुछ लोगों से बातचीत कर रहे थे।इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बना कर गोलियां चलाई।जिससे दो गोली लगने के कारण अशोक यादव जमीन पर गिर गए। घटना के बाद हंगामा मच गया। स्थानीय लोगों ने घायल अशोक यादव को इलाज के लिए सुपौल में भर्ती कराया।जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।इस घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन में खलबली मच गई।सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौका ए वारदात पर पहुंची तथा मामले की तफ्तीश में जुट गई।इधर मृतक अशोक यादव के परिजनों के बीच चीत्कार मच गया है।मृतक अशोक यादव के परिजनों ने अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। दिनदहाड़े जदयू नेता की हत्या की घटना ने आसपास के इलाके में भय तथा दहशत का माहौल व्याप्त कर दिया है।आम जनों में इस घटना के बाद प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
