January 27, 2026

PATNA : बरसात ने खोली नगर निगम की पोल, वार्ड नं. 14 में ओवर फ्लो हो रहे नाले

पटना। मंगलवार को पटना और आसपास के इलाकों में करीब दो घंटे तक जोरदार बारिश हुई। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत मिली है। सोमवार देर शाम से ही हवा की रफ्तार काफी सुस्त थी और आसमान में बादल छाए हुए थे। लोगों को उमस भरी गर्मी का अहसास हो रहा था। वहीं दूसरी ओर सुबह और देर शाम हुए बारिश से पटना शहर के अधिकांश मुहल्ले जलमग्न हो गए। कई इलाकों में तो घुटने भर पानी जम गया। लोग उसी पानी से आवागमन को मजबूर थे। यहीं नहीं गर्दनीबाग के वार्ड नं. 14 के अलकापुरी, न्यू अलकापुरी में तो पटना निगर निगम के दावों की कलई खुलती दिखी। स्थानीय लोगों ने बताया कि निगम द्वारा मुख्य नाले की सफाई तो करायी गई थी लेकिन नाले से निकले सिल्ट को नालों के आसपास ही छोड़ दिया गया था। नतीजा यह हुआ कि पानी बरसने के साथ सारे सिल्ट वापस नाले में समाहित हो गए और बरसात होने पर वहीं नाले ओवर फ्लो हो गए हैं। जिससे नाले का गंदा पानी सड़कों पर उतरा रहा है और लोग इसी गंदे पानी से आवागमन करने को मजबूर हैं और पटना नगर निगम के कार्यकलापों पर सवाल उठा रहे हैं।
बता दें बारिश की वजह से मंगलवार को राजधानी पटना के अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में अब तक 39 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है और अगले चार दिनों तक सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल के तट पर चक्रवातीय सिस्टम बना है। इसके अलावा बिहार के दक्षिण से होते हुए उत्तर की तरफ टर्फ लाइन गुजर रही है। इसी वजह से सभी जिलों में हल्की और मध्यम बारिश की संभावना है।

You may have missed