लालू के राज में आम जनता सूर्योदय होने की करते थे प्रतीक्षा : ललन सिंह
पटना। अस्थावां, इस्लामपुर, राजगीर, सिकंदरा, चकाई एवं प्राणपुर विधानसभा के जदयू कार्यकर्ताओं के वर्चुअल सम्मेलन को सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने संबोधित किया।
श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 15 वर्षों में राज्य के विकास के लिए जो कार्य किया गया है। आज हम कह सकते हैं कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर्म पुरूष हैं। आज हम लोग सर झुका कर नहीं बल्कि सर उठा कर वोट मांगने जाएंगे। मुख्यमंत्री समर्पण व सेवा भाव से 18 घंटा राज्य की जनता के लिए काम करते हैं। नीतीश कुमार देश के इकलौते मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने 2015 में 7 निश्चय घोषणा किया, जिसे उन्होंने 5 वर्षों के अंदर सात निश्चय की सभी योजनाओं को लागू कर हर घर पहुंचा दिया।
पति-पत्नी की सरकार की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि 15 वर्षों में फिरौती के लिए अपहरण का बड़ा उद्योग बिहार बन गया था। लोग भयाक्रांत रहते थे। लालू के राज में आम जनता सूर्योदय होने का प्रतीक्षा करते थे। वहीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ना किसी को फंसाते हैं, ना किसी को बचाते हैं। मुख्यमंत्री महागठबंधन की सरकार में राजद के विधायक की गिरफ्तारी सुनिश्चित कराया, बिना इस बात के डरे की मेरी सरकार से राजद समर्थन वापस ले सकती है। नीतीश कुमार अपराध के मामले में किसी से समझौता नहीं करते हैं।
सम्मेलन को योजना एवं विकास मंत्री महेश्वर हजारी, खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मदन साहनी और पूर्व सांसद श्रीमती कहकशां परवीन ने भी संबोधित किया।


