October 14, 2026

उत्तर बिहार को आपदा क्षेत्र घोषित करे बिहार सरकार : आप 

पटना। आम आदमी पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष सुशील सिंह ने उत्तरी बिहार के 12 जिलों को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग बिहार सरकार से की है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में बाढ़ विकराल रूप धारण कर लिया है। खासकर कोसी, गंडक जैसी नदियों ने इन क्षेत्रों में तबाही मचाकर रख दी है। लोगों को न रहने का ठिकाना है और न ही खाने की कोई व्यवस्था। बिहार के मुख्यमंत्री से उन्होंने अपील किया है कि खुद हवाई सर्वे कर वस्तुस्थिति का आकलन करें। उन्होंने बाढ़ राहत सामग्रियों के वितरण के लिए केंद्र की सहायता लेकर हेलिकॉप्टर से अविलंब पहुंचाने की मांग भी की है, साथ ही कहा है कि 10 लाख से भी ज्यादा लोग बाढ़ की तबाही से प्रभावित हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि हजारों लोग फंसे हुए हैं, जिन्हें उचित ठिकानों तक नहीं पहुंचाई गई है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ में डूबने से 21 लोगों की मृत्यु हो गई है, जो काफी चिंता की बात है। मौतों की संख्या इससे भी कहीं ज्यादा हो सकती है लेकिन सरकार इस आंकड़े को छुपाना चाहती है। इस समस्या के निदान के लिए विशेष रूप से केंद्र सरकार को दखल देने की मांग पार्टी ने की। अगर ऐसा नहीं होती है तो ‘आप’ लॉकडाउन को नजरअंदाज कर जनता के हित में जनाक्रोश मार्च निकालने को बाध्य होगी।

You may have missed