पूर्व सांसद राम अवधेश सिंह के निधन पर शोक संवेदनाओं का तांता
पटना। मंडल कमीशन लागू करवाने के लिए देश स्तर में सबसे बड़ी भूमिका निभाने वालों में से एक बिक्रमगंज के पूर्व सांसद तथा 80-90 के दशक के सर्वाधिक ताकतवर राजनीतिज्ञों में शुमार समाजवादी नेता एवं पूर्व सांसद राम अवधेश सिंह के निधन पर पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद, विधायक तेज प्रताप यादव, सांसद डॉ. मीसा भारती, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामचन्द्र पूर्वे, उपाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डॉ तनवीर हसन, प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता, प्रवक्ता चित्तरंजन गगन आदि ने शोक व्यक्त करते हुए कहा है कि स्व. राम अवधेश सिंह
समाजवादी विचारधारा के प्रखर नेता थे। सामाजिक न्याय एवं धर्मनिरपेक्षता उनके जीवन का उद्देश्य था। वे राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य भी रहे थे। मंडल कमीशन की लड़ाई को आगे बढ़ाने का काम किये तथा जननायक कर्पूरी ठाकुर के संघर्ष के निकट सहयोगी थे। संसद मे समाज के पिछड़ों, दलितों के अधिकार की रक्षा के लिये जानदार ढंग से आवाज उठाते रहे। उनके निधन से सामाजिक न्याय की विचार धारा की अपूरणीय क्षति हुई है। ईश्वर उनकी आत्मा को चिर शांति दे। परिजनों को इस शोक को सहन की शक्ति दें।

कांग्रेस ने भी जताया शोक
बिहार कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने बिक्रमगंज के पूर्व सांसद राम अवधेश सिंह के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि राम अवधेश सिंह देश के विख्यात राजनीतिज्ञों में से एक थे, जिन्होंने सही मायने में लोकतंत्र की शक्ति को समझा था और आम जनमानस को प्रजातांत्रिक व्यवस्था में शतिशाली होने का एहसास कराया था तथा राजनीति में रहते हुए सामाजिक क्रांति का सूत्रपात किया था। 80 तथा 90 के दशक में बिहार तथा केन्द्र की राजनीति में कई घटनाक्रमों के महत्वपूर्ण कारक रहे पूर्व सांसद राम अवधेश बाबू के निधन पर अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष एचके वर्मा एवं प्रवक्ता राजेश राठौड़ ने भी राम अवधेश सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की है।
राजनीति में सामाजिक न्याय के योद्धा थे स्व. राम अवधेश : लोजपा (से)
राजनीति में सामाजिक न्याय के योद्धा थे राम अवधेश सिंह यादव। आंदोलन में कर गुजर जाने की वृहद क्षमता, डॉ. राम मनोहर लोहिया के प्रबल समर्थक एवं सामाजिक न्याय आंदोलन के अंतिम पंक्ति नेता थे। यह बात लोजपा (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सत्यानन्द शर्मा ने समाजवादी नेता व पूर्व सांसद राम अवधेश सिंह यादव के निधन पर पार्टी के राज्य मुख्यालय में आयोजित शोक सभा को संबोधित करते हुए कहा। शोक सभा में लोग जन पार्टी (सेक्यूलर) के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं मुख्य प्रवक्ता विष्णु पासवान, केन्द्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष ललन पासवान, युवा लोजपा (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, आनन्द कुमार सिंह, उदय शंकर, सुरेन्द्र सिंह, आशीष कुशवाहा, महिला प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अंजु देवी, नन्द किशोर यादव आदि नेता उपस्थित थे।

