December 8, 2025

बिहार : पिता पर हमले से आहत बेटे ने भाई को मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

मुंगेर। बिहार के मुंगेर जिला अंतर्गत बरियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जाचक गांव में कैलाश मंडल उर्फ कैला की हत्या के मामले के प्राथमिकी नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। कैलाश मंडल की हत्या उसके सगे भाई बहादुर मंडल उर्फ गोंगा ने की थी। एसपी लिपि सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतक कैलाश मंडल उर्फ कैला और उसके बड़े भाई बहादुर मंडल उर्फ गंगा के बीच विवाद चल रहा था। कैलाश मंडल रुपए में हिस्सेदारी को लेकर अपने पिता अर्जुन मंडल से झगड़ा कर रहा था और उसने अपने पिता पर चाकू से वार कर दिया था। पिता की चीख-पुकार सुनकर बड़ा बेटा बहादुर मंडल उर्फ गोंगा दौड़ते हुए गया तो उसने अपने पिता को घायल अवस्था में देखा। गुस्से में आकर उसने खंती से अपने भाई कैलाश मंडल पर हमला कर दिया और उसके बाद चाकू से कैलाश मंडल पर लगभग आठ से दस बार सीने में वार किया गया और उसकी हत्या कर दी गई थी। बरियारपुर थानाध्यक्ष द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के नामजद आरोपी बहादुर मंडल उर्फ गोंगा को गिरफ्तार कर लिया गया है।
इंदिरा आवास की राशि के लिए विवाद
प्राथमिक अनुसंधान में पुलिस के समक्ष यह जानकारियां आई है कि इंदिरा आवास की राशि को लेकर घर में पिता-पुत्र के बीच विवाद चल रहा था। अर्जुन मंडल के नाम से इंदिरा आवास योजना की राशि आई थी तथा उसने इंदिरा आवास योजना की राशि अपने बड़े बेटे को दे दी थी। इसी बात को लेकर छोटे बेटे कैलाश मंडल का विवाद अपने पिता से चल रहा था और इसी विवाद को लेकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। बरियारपुर थाना अध्यक्ष राजेश रंजन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए अभियुक्त बहादुर मंडल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना दोष स्वीकार कर लिया है।

You may have missed