पटना हाईकोर्ट एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार, बुधवार से वीसी से होगी जमानत के मामलों की सुनवाई
पटना। पटना हाईकोर्ट ने एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। बुधवार से सभी जज अपने अपने घर से ही वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से सभी तरह की जमानत याचिकाओं पर सुनवाई कर मामले का निबटारा करेंगे। यह प्रक्रिया तब तक चलेगी, जब तक लॉकडाउन समाप्त होकर स्थिति सामान्य नहीं हो जाती। लॉकडाउन जब तक रहेगा, तब तक ई-फाईलिंग के जरिये, जो भी नये मामले दायर होंगे, उनकी सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग से हर रोज की जायेगी। इसके पहले भी हाईकोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से सुनवाई की थी।
कोरोना के मद्देनजर मुख्य न्यायाधीश संजय करोल ने वरिष्ठ जज जस्टिस दिनेश कुमार सिंह और जस्टिस हेमंत कुमार श्रीवास्तव से गहन विचार विमर्श के बाद सुनवाई की यह नयी व्यवस्था की है। इसके साथ ही पटना हाईकोर्ट ऐसा करनेवाला देश का पहला हाईकोर्ट बन गया है। कोशिश है कि लॉकडाउन के दौरान हर दिन ज्यादा संख्या में जमानत याचिकाओं का निबटारा किया जाये। सभी जजों के यहां अभी 33-33 जमानत के मामले सुनवाई के लिए सूचीबद्ध किये गये हैं। अगर यह प्रयोग सफल रहा, तो अन्य मामलों की सुनवाई का दायरा बढ़ाया भी जा सकता है।


