फतुहा : गंगा में डूबी नाव, एक महिला की मौत व तीन लापता

पटना। लॉकडाउन में गंगा नदी में नाव चलाने पर लगे प्रतिबंध के बावजूद नाविक लॉकडाउन का उल्लंघन करने से बाज नहीं आ रहे हैं। शनिवार को एक ऐसी ही एक नाव नदी में डूब गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन व्यक्ति लापता हैं। घटना गांधी सेतु के पाया संख्या 44 के पास घटी है। फतुहा के दीदारगंज स्थिर सबलपुर घाट से एक नाव पर 20 से अधिक लोग सवार होकर राघोपुर लौट रहे थे। नाविक ने पीपा पुल के नीचे से नाव निकालने की कोशिश की। इस दौरान नाव पुल से टकरा गई और गंगा नदी में समा गई।
इस नाव हादसे में चिंता देवी नाम की एक महिला की मौत हो गई है। वहीं, पप्पू पेंटर सहित तीन लोग लापता हैं। एसडीआरएफ की टीम ने एक महिला और उसके बेटे को बचा लिया, वहीं नाव पर सवार अन्य लोग तैरकर गंगा किनारे पहुंच गए। नाव पर सवार अधिकांश लोग वैशाली जिले के राघोपुर के तेरसिया के निवासी थे। ये लोग जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान से राशन लेकर लौट रहे थे।
