February 17, 2026

अफवाह : जन-धन खाते से पैसे नहीं निकाले तो हो जाएगी वापस, इसी कारण उमड़ रही भीड़

फतुहा। प्रखंड के ग्रामीण क्षेत्र में यह जबरदस्त अफवाह फैली हुई है कि जिसके खाते में लॉक डाउन के कारण प्रधानमंत्री योजना के तहत जन-धन खाते में से जो पैसे भेजे गए हैं, उसे नहीं निकालने पर वापस हो जाएगी। इसी अफवाह के कारण बैंको के बाहर लॉक डाउन की धज्जियां उड़ती नजर आ रही है। सोमवार को फतुहा से लेकर कच्ची दरगाह तक सारे बैंको के आगे ग्राहकों की भारी भीड़ लगी रही। पैसे निकालने के लिए बैंको के आगे आपाधापी मची रही। पहले हम के चक्कर में कई महिलाएं झगड़ती भी देखी गई। भीड़ को देखकर बैंक प्रशासन भी बेबस नजर आए। ग्राहकों के बीच न तो लॉक डाउन की समझ थी और न ही सोशल डिस्टेंस अपनाने की सोच। उन्हें सिर्फ पैसे निकालने की चिंता थी। हालांकि पुलिस कई बार ग्राहकों के बीच अफवाह पर ध्यान न देकर लॉक डाउन व सोशल डिस्टेंस अपनाते हुए पैसे भुगतान पाने की आग्रह करती रही लेकिन पुलिस के जाते ही लोग आपाधापी मचाना शुरू कर देते। ग्राहकों में ज्यादातर महिलाएं थी, जो भुगतान पाने के लिए नासमझ बनी हुई थी।

You may have missed