बिहार भाजपा ने की नवगठित प्रदेश कमिटी में ब्राह्मणों की उपेक्षा, दिखा दिया बाहर का रास्ता
पटना। राजद के प्रदेश प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने भाजपा पर ब्राह्मणों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया है। राजद नेता ने कहा कि भाजपा का सबसे बड़ा आधार वोट ब्राह्मण है, जिसे नयी प्रदेश कमिटी में पूर्ण रूप से उपेक्षित कर दिया गया है। भाजपा के पिछली प्रदेश कमिटी में गोपाल जी ठाकुर और मृत्युंजय झा उपाध्यक्ष थे, जिन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है। एक भी ब्राह्मण को महामंत्री नहीं बनाया गया है। यही स्थिति नव मनोनीत प्रवक्ताओं की सूची में है। पिछले बार प्रवक्ता रहे जीवेश मिश्र और आनंद झा को प्रवक्ताओं की सूची से बाहर कर दिया गया है। इनके बदले किसी दूसरे ब्राह्मण को भी प्रवक्ता की जिम्मेवारी नहीं दी गई।
राजद नेता ने कहा कि लग रहा है कि भाजपा को अपने सबसे बड़े वोट बैंक ब्राह्मण पर अब भरोसा नहीं रहा, जिसकी वजह से भाजपा की नवगठित कमिटी से बाहर कर दिया गया है। ब्राह्मण जैसी स्वाभिमानी कॉम निश्चित रूप से अपने इस अपमान का बदला लेगी और चाणक्य बनकर आज के चन्द्रगुप्त तेजस्वी यादव की ताजपोशी करने में अपना योगदान देगी।


