भोजपुर में बालू माफिया के खिलाफ आवाज उठाना पड़ा महंगा! मंदिर का रास्ता रोकने के विवाद में ग्रामीण पर जानलेवा हमला, पुलिस की भूमिका भी संदेह के घेरे में
>>छठ घाट पर हादसे की आशंका जताकर बालू खनन का विरोध करने वाले रवि रंजन कुमार सिंह ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, थानाध्यक्ष पर बालू माफिया से मिलीभगत का लगाया आरोप

आरा। भोजपुर जिले में बालू के अवैध खनन और उसके विरोध से जुड़े विवाद ने अब गंभीर रूप ले लिया है। चांदी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव निवासी रवि रंजन कुमार सिंह ने बालू माफिया के खिलाफ आवाज उठाने पर जानलेवा हमला किए जाने और स्थानीय पुलिस की संदिग्ध भूमिका को लेकर भोजपुर के पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपितों और उनके कथित सहयोगियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को सूर्य मंदिर के पास बालू खनन के लिए रास्ता बनाया जा रहा था। इसी दौरान मंदिर के अध्यक्ष होने का हवाला देकर गांव से फोन आया कि छठ पूजा को लेकर रास्ते का निर्माण कराया जाना है। रवि रंजन का कहना है कि छठ पूजा के दौरान सूर्य मंदिर पर 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। ऐसे में बालू खनन के कारण रास्ता बाधित होने और श्रद्धालुओं के लिए खतरा पैदा होने की आशंका थी।
आवेदन में वर्ष 2024 में छठ पूजा के दौरान चार बच्चों की डूबने से हुई मौत का भी जिक्र किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसी तरह की दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए वह पहले भी खनन विभाग के कार्यालय में कई बार आवेदन दे चुके हैं।
खनन विभाग में आवेदन के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
रवि रंजन के मुताबिक, उन्होंने 29 अप्रैल 2026 को भी खनन पदाधिकारी के समक्ष आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन कथित तौर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 1 जून 2026 को बालू घाट में अवैध उत्खनन से बने बड़े आकार के वृहद गढे के कारण तीन युवकों की डूबने से मौत हो गयी थी.
विगत 7 नवंबर को रवि रंजन सिंह पर जानलेवा हमला बालू माफियाओं ने करवाया था.जिसमें हमलावरों ने पिस्टल से उन पर तीन बार गोली चलाई। संयोगवश तीनों गोलियां उन्हें नहीं लगीं। उनका कहना है कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर ग्रामीण मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी। इसके बाद वह किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे।
बालू माफिया की धमकी से गांव छोड़ने को मजबूर होने का दावा
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि बालू माफिया की धमकी के कारण गांव में दहशत का माहौल है। उन्हें दोबारा हमले की आशंका सता रही है और इसी वजह से वह अपने घर भी नहीं जा पा रहे हैं।
थानाध्यक्ष की भूमिका पर गंभीर सवाल
इस पूरे मामले में शिकायतकर्ता ने चांदी थानाध्यक्ष की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। आवेदन के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे उन्होंने जिला खनन पदाधिकारी को फोन कर अपने आवेदन पर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायतकर्ता का दावा है कि इस बातचीत का साक्ष्य उनके पास मौजूद है।
उनका आरोप है कि जब वह जान बचाकर भाग रहे थे, तब उन्होंने थाने के सरकारी नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। करीब एक घंटे बाद थानाध्यक्ष की ओर से दूसरे नंबर से फोन आया। शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने फोन बंद होने की बात कही तो थानाध्यक्ष ने कथित तौर पर जवाब दिया कि गोली लगने के बाद भी आदमी जिंदा बच जाता है।
इस कथित बातचीत को आधार बनाते हुए रवि रंजन ने थानाध्यक्ष और बालू माफिया के बीच मिलीभगत की आशंका जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि थानाध्यक्ष उस घाट पर आयोजित पूजा में भी शामिल हुए थे, जहां बालू खनन और रास्ते को लेकर विवाद हुआ था।
कॉल डिटेल और लोकेशन जांच की मांग
रवि रंजन कुमार सिंह ने भोजपुर एसपी से मांग की है कि संबंधित थानाध्यक्ष, घटना में शामिल आरोपितों और उनके सहयोगियों के मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा लोकेशन की जांच कराई जाए। साथ ही घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की भी जांच हो, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों एवं उनके कथित सहयोगियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि भोजपुर पुलिस इस गंभीर शिकायत पर क्या कार्रवाई करती है और जांच में बालू खनन से जुड़े विवाद तथा पुलिस की कथित भूमिका को लेकर क्या तथ्य सामने आते हैं।

