August 21, 2026

मोतिहारी में कलयुगी बेटे ने किया मां का मर्डर, पैसे नहीं देने पर उतारा मौत के घाट, चाकू से की हत्या

  • 350 रुपये में चाकू खरीदकर मां को बहाने से खेत में ले गया, चार वार कर उतारा मौत के घाट
  • घटनास्थल पर छूटी चप्पल और बार-बार बदलते बयान से खुला राज, आरोपी पुत्र गिरफ्तार

मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मोबाइल खरीदने और नशे के लिए रुपये नहीं मिलने से नाराज 24 वर्षीय युवक ने अपनी ही मां की हत्या कर दी। वारदात को लूट और हत्या का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन घटनास्थल पर छूटी चप्पल और आरोपी के बदलते बयानों ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी पुत्र आलम हुसैन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय नजमा खातून के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने घटना से एक दिन पहले अरेराज स्थित एक बैंक से रुपये निकाले थे। बताया गया कि मां के पास मौजूद नकदी को देखकर आरोपी पुत्र ने उनसे 35 हजार रुपये की मांग की थी। उसने कहा था कि उसे नया मोबाइल खरीदना है, लेकिन मां ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की योजना बना डाली। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अरेराज बाजार पहुंचा और वहां से करीब 350 रुपये में एक धारदार चाकू खरीदा। इसके बाद उसने रात में अपनी मां को फोन कर खेत की ओर चलने के लिए कहा। आरोपी ने मां को कथित रूप से यह बताया कि वह खेत के पास चावल की एक बोरी लेकर आया है और उसे घर लाने में मदद की जरूरत है। महिला बेटे की बात पर उसके साथ मोटरसाइकिल से घर से कुछ दूरी पर स्थित गन्ने के खेत की ओर चली गई। पुलिस के अनुसार, खेत में पहुंचने के बाद आरोपी ने धारदार चाकू से अपनी मां पर हमला कर दिया। आरोप है कि उसने महिला की पीठ पर कई बार वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जांच के दौरान आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद वह घबरा गया और कुछ ही देर में उसे अपने किए पर पछतावा होने लगा। हालांकि तब तक मां की जान जा चुकी थी। इसके बाद उसने वारदात में इस्तेमाल चाकू को रास्ते में फेंक दिया और घर पहुंचकर एक अलग कहानी गढ़ने की कोशिश की। आरोपी ने अपने पिता को बताया कि कुछ अज्ञात लोगों ने लूट के इरादे से उसकी मां पर हमला किया और उसे भी चोट पहुंचाई। इसके बाद परिवार की ओर से हरसिद्धि थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर अरेराज के पुलिस उपाधीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार के सदस्यों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास मां और बेटे की चप्पलें मिलीं। इनमें से आरोपी की चप्पल का घटनास्थल पर मिलना जांच के लिए महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी और उसके पिता के बयानों में कई बार बदलाव हुआ। आरोपी ने अलग-अलग समय पर घटना को लेकर अलग-अलग बातें बताईं। जब पुलिस ने उससे घटनास्थल पर मिली चप्पल के बारे में कड़ाई से पूछताछ की तो वह घबरा गया। इसके बाद पुलिस को उस पर शक गहराया और पूछताछ का दायरा बढ़ाया गया। पुलिस का कहना है कि लगातार पूछताछ के बाद आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, खून और मिट्टी से सने कपड़े तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान नकदी भी बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने मां के पास रखे कुछ रुपये खर्च किए थे। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्य, आरोपी के बयानों और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की गई। पुलिस उपाधीक्षक रवि कुमार के अनुसार, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ के आधार पर वारदात की पूरी कड़ी को जोड़ा गया है। यह घटना एक बार फिर नशे की लत, पारिवारिक तनाव और आपराधिक प्रवृत्ति के खतरनाक परिणामों को सामने लाती है। जिस मां ने बेटे का पालन-पोषण किया, उसी की हत्या के आरोप में बेटे की गिरफ्तारी ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

You may have missed