महावीर कैंसर संस्थान के गेट पर नाले से निकलीं सैकड़ों विदेशी शराब की खाली बोतलें, शराबबंदी पर उठे सवाल
- नगर परिषद की सफाई में हुआ खुलासा, अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर बोतलों का अंबार देख हैरान रह गए लोग
फुलवारीशरीफ, (अजीत कुमार)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ स्थित महावीर कैंसर संस्थान के मुख्य गेट के समीप नाले की सफाई के दौरान सैकड़ों की संख्या में विदेशी शराब की खाली बोतलें मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. नगर परिषद द्वारा चलाए जा रहे विशेष सफाई अभियान के दौरान जब नाले से गाद निकाली गई, तो उसके साथ बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की खाली बोतलें भी बाहर निकल आईं. सफाई कर्मियों ने सभी बोतलों को सड़क किनारे एकत्र किया, जिसे देखकर राहगीर, मरीजों के परिजन और स्थानीय लोग दंग रह गए. प्रदेश के प्रमुख कैंसर अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर इस तरह की तस्वीर सामने आने के बाद शराबबंदी कानून के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जब राज्य में शराब की बिक्री, खरीद और सेवन पूरी तरह प्रतिबंधित है, तब इतनी बड़ी संख्या में विदेशी शराब की बोतलें आखिर नाले तक कैसे पहुंचीं. लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. बारिश के मौसम में नालों की सफाई के दौरान सामने आई यह तस्वीरें अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि समय-समय पर नालों की नियमित सफाई और निगरानी होती, तो इतनी बड़ी मात्रा में खाली बोतलें नाले में जमा नहीं हो पातीं. हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये बोतलें कितने समय के दौरान नाले में जमा हुईं और इन्हें किसने वहां फेंका. इस संबंध में वास्तविक स्थिति प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. महावीर कैंसर संस्थान के मुख्य गेट के पास नाले से सैकड़ों विदेशी शराब की खाली बोतलों का मिलना एक गंभीर सवाल खड़ा करता है. अब लोगों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि इस मामले में क्या कदम उठाए जाते हैं.


