September 14, 2026

पटना के खुसरूपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप,एफएसएल टीम ने की जांच

पटना। राजधानी पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र स्थित लोदीपुर गांव में 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही खुसरूपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए।

मृतका की पहचान गुड़िया देवी के रूप में हुई है। मृतका के भाई सन्नी कुमार ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन को दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जाता था। उनका आरोप है कि पति रिक्की कुमार तथा ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने मिलकर उसकी हत्या की है।

घटना के बाद नामजद आरोपी पति समेत परिवार के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

खुसरूपुर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

You may have missed