अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पूर्व मध्य रेल में कई जगहों पर महिलाएं संभालेंगी कमान
हाजीपुर। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्व मध्य रेल के सभी मंडलों में कई स्थानों पर पूर्ण रूप से महिला रेलकर्मियों द्वारा रेल प्रणाली के विभिन्न कार्यों को निष्पादित किया गया।
शुक्रवार को धनबाद मंडल के धनबाद स्टेशन पर भी सभी तरह की वाणिज्यिक गतिविधियां जैसे- टिकट काउंटर, करेंट बुकिंग काउंटर, रिटायरिंग रूम बुकिंग, पूछताछ काउंटर सहित स्टेशन उपाधीक्षक-वाणिज्य से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन महिला रेलकर्मियों द्वारा किया गया। इसके साथ ही महिला दिवस पर 06 मार्च को गाड़ी संख्या 53334/53327 धनबाद-सिंदरी टाउन-धनबाद पैसेंजर का परिचालन पूर्णत: महिला क्रू मेंबर द्वारा किया गया। इसके साथ ही 05 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर समस्तीपुर मंडल में गाड़ी संख्या 75209 समस्तीपुर-जयनगर डेमू का परिचालन महिला क्रू मेंबरों द्वारा किया गया था। 07 एवं 08 मार्च को सोनपुर मंडल के हाजीपुर रेलवे स्टेशन के सभी तरह के वाणिज्यक कार्य महिला रेलकर्मियों के द्वारा संभाले जायेंगे। जिसमें टिकट काउंटर, पार्सल, टिकट चेकिंग, पूछताछ काउंटर से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों के निर्वहन शामिल होंगे। वहीं 08 मार्च को धनबाद मंडल के धनबाद स्टेशन पर भी सभी तरह की वाणिज्कि गतिविधियां जैसे – टिकट काउंटर, करेंट बुकिंग काउंटर, रिटायरिंग रूम बुकिंग, पूछताछ काउंटर सहित स्टेषन उपाधिक्षक/वाणिज्य से जुड़ी सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन महिला रेलकर्मियों द्वारा किया जायेगा। साथ ही गाड़ी संख्या 12339/40 धनबाद-हावड़ा-धनबाद कोलफील्ड एक्सप्रेस का परिचालन पूर्णत: महिला क्रू मेंबर द्वारा किया जायेगा।


