September 23, 2026

बिहटा में लेन-देन विवाद में बहनोई घायल, साले पर गोली चलाने का आरोप, पुलिस ने फायरिंग से किया इंकार

बिहटा। थाना क्षेत्र के महमदपुर गांव में 30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में बहनोई के घायल होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने साले पर गोली मारने का आरोप लगाया है, हालांकि पुलिस ने गोली लगने की घटना से इंकार किया है।घायल की पहचान महमदपुर निवासी अखिलेश शर्मा (55) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी के रूप में उसके साले मदन शर्मा, निवासी हिरामनपुर, का नाम सामने आया है। बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे समय से करीब 30 लाख रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।घायल की पत्नी किरण देवी ने बताया कि उनका भाई नगद रुपये लेने की जिद कर रहा था, जबकि उनके पति चेक या बैंक खाते के माध्यम से भुगतान करना चाहते थे।इसी बात को लेकर सोमवार को कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक हो गई। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान मदन शर्मा ने गोली चला दी, जो अखिलेश शर्मा के सिर और कान को छूते हुए निकल गई।घटना के समय पुलिस टीम भी करीब 100 मीटर की दूरी पर पहुंच रही थी, लेकिन आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया। घायल को तत्काल बिहटा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।वहीं, दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि प्रथमदृष्टया जांच में गोली चलने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि चोट के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर जांच के बाद ही स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह भी मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

You may have missed