बिहटा में गोली लगने से युवक की मौत, रिश्तों के विवाद में उलझी गुत्थी
बिहटा। थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव में 30 वर्षीय युवक की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।मृतक की पहचान स्वर्गीय मुन्ना राय के पुत्र अनुरोध कुमार के रूप में हुई है। परिजनों द्वारा घायल अवस्था में युवक को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में भी शोक का माहौल है।पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर दो गोली लगने के निशान पाए गए हैं—एक छाती में और दूसरा सिर में। घटनास्थल के निरीक्षण में भी गोली चलने के स्पष्ट साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने मौके से कुछ अहम सुराग जुटाए हैं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शाम में एफएसएल टीम ने पहुंचकर घटनास्थल से वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए।प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा गुप्त रूप से दी गई थी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि घटना के बाद परिजनों द्वारा इसे हादसा बताकर मामला दबाने और हत्या को छुपाने का प्रयास किया गया। घटनास्थल से साक्ष्य मिटाने की कोशिश की भी आशंका जताई जा रही है।पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान अलग-अलग और असंगत पाए गए हैं, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।घटना की पृष्ठभूमि में पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक की पत्नी से जुड़े कथित अवैध संबंधों को लेकर पहले से घर में तनाव था। इसके अलावा 25 अप्रैल को मृतक के मंझले भाई की शादी के दौरान एक विवादित घटना हुई थी, जिसमें छोटे भाई द्वारा साली की मांग में सिंदूर भरने के बाद परिवार में तनाव बढ़ गया था। इसके बाद से रिश्तों में खटास और विवाद की स्थिति बनी हुई थी।ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि घटना में मृतक के छोटे भाई की संलिप्तता हो सकती है। हालांकि पुलिस ने इन सभी बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और हर बिंदु को जांच के दायरे में रखा है। सूचना पर पटना पश्चिमी सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। वहीं दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच सभी पहलुओं पर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की गहन जांच में जुटी है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।


