आईआईटी पटना विवाद: 800 बच्चों के अभिभावकों का फूटा गुस्सा, बोले—कोर्ट में लड़ें, बच्चों की पढ़ाई न बिगाड़ें
- हाईकोर्ट में मामला विचाराधीन, स्कूल संचालन के आदेश का हवाला—धरना जारी, समाधान की मांग तेज
बिहटा, (मोनु कुमार मिश्रा)। आईआईटी पटना परिसर में संचालित फाउंडेशन एकेडमी को लेकर जारी विवाद के बीच अब अभिभावकों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। करीब 800 छात्रों के अभिभावकों ने स्पष्ट कहा है कि आईआईटी पटना और फाउंडेशन एकेडमी के बीच का मामला पटना उच्च न्यायालय में विचाराधीन है और फिलहाल न्यायालय ने स्कूल संचालन जारी रखने का आदेश दिया है। अभिभावकों का कहना है कि दोनों संस्थान अपने विवाद को न्यायालय में ही सुलझाएं, लेकिन इसका खामियाजा बच्चों को नहीं भुगतना चाहिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि “संस्थान आपस में कोर्ट में लड़ें, लेकिन हमारे बच्चों की पढ़ाई बर्बाद न करें।” गुरुवार को गेट नंबर–1 पर शुरू हुए धरना के दौरान अभिभावकों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द से जल्द स्कूल संचालन बहाल करने की मांग की। उनका कहना है कि अचानक स्कूल बंद होने और प्रवेश पर रोक लगाए जाने से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। अभिभावकों ने यह भी कहा कि वे अपने बच्चों का भविष्य दांव पर नहीं लगने देंगे और यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। आमरण अनशन की चेतावनी भी दोहराई गई है।


