February 17, 2026

बेटी को मैट्रिक परीक्षा दिलाने ले जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत,बेटी गंभीर रूप से घायल,सड़क जाम-हंगामा

फुलवारीशरीफ।(अजित)राजधानी पटना में बाईपास सड़क में एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने हादसे को अंजाम दिया है. जिसमें संपतचक निवासी फोटो स्टेट की दुकान चलाने वाले शख्स की मौत मौके पर ही हो गयी है जबकि बाइक पर बैठी उसकी बेटी बुरी तरह जख्मी हो गयी.जिसे स्थानीय लोगो ने अस्पताल में एडमिट कराया है। घटना पत्रकारनगर थाना अंतर्गत के फोर्ड हॉस्पिटल के पास की बतायी जा रही है. हादसा उस वक्त हुआ जब पिता अपनी बेटी को मैट्रिक एग्जाम दिलाने बाईक से बेली रोड स्थित परीक्षा केंद्र पहुंचाने जा रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार होने में सफल हो गया । वहीं हादसे के बाद नाराज लोगों ने सड़क जाम कर काफी देर हो हंगामा करने लगे।  घटना की जानकारी मिलते ही पत्रकार नगर कंकड़ बाग राम कृष्ना नगर समेत आस पास के थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हो हंगामा कर रहे लोगो को शांत कराने में जुट गई.पुलिस ने डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजना चाहा जिसे लोगों ने रोक दिया । हंगामा कर रहे लोग मृतक के परिजनों को घटनास्थल पर आने के बाद ही डेड बॉडी को ले जाने की बात पर अड़ गए। हादसे के बाद बाईपास पर बवाल बढ़ने की आशंका को देखते हुए घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस मुस्तैद रही । वहीं हादसे के बाद बाईपास पर लंबा जाम लगा रहा । इस बीच मृतक की शिनाख्त संपतचक बाजार में फोटो स्टेट दुकानदार दिलिप कुमार के रूप में होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और शव के पास ही विलाप करने लगे। संपतचक उप प्रमुख रंजीत कुमार टप्पू भी घटना की जानकारी मिलने पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनो को ढांढस बंधाया। पुलिस अफसरों के समझाने बुझाने के बाद काफी मशक्कत से बाईपास सड़क पर लगे जाम को हटाया जा सका । पुलिस ने डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवागमन सुचारू कराया ।

जानकारी के मुताबिक संपतचक ब्लॉक गेट के सामने गोसाई मठ निवासी दिलीप कुमार बुधवार की सुबह अपनी पुत्री अंजली कुमारी को मैट्रिक का परीक्षा दिलाने के लिए बेली रोड जा रहे थे । ईसी बीच ट्रक ने पटना बाईपास रोड में फोर्ड हॉस्पिटल से 200 मीटर पूरब की ओर उनकी बाइक में  धक्का मार दिया । धक्का लगते ही दिलीप कुमार गिर गए और ट्रक चालक उन्हें कुचलते हुए फरार हो गया जबकि बाइक पर पीछे बैठी पुत्री अंजली गंभीर रूप से जख्मी हो गई । घटनास्थल पर ही दिलीप कुमार की मृत्यु हो गई और उनकी मैट्रिक परीक्षार्थी पुत्री अंजली कुमारी को गंभीर रूप से घायल अवस्था मे फोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल अंजली का इलाज फोर्ड अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है ।

संपतचक से आये ग्रामीणों ने बताया कि काफी मिलनसार प्रवृति के दिलीप कुमार संपतचक बाजार में ही फोटोस्टेट का दुकान चलाते थे । दिलीप की मौत से उनके तीन बच्चे और पत्नी  सुनैना देवी का रोते रोते बुरा हाल हो रहा है। पति की मौत से बदहवाश पत्नी के चीत्कार से मौजूद लोगों का कलेजा फटने लगा। मृतक के रोते कलपते बच्चों और परिवार के लोगो को देख पुलिस वालों की आँखे भी नम हो गयी। घटनास्टल पर संपतचक से आये ग्रामीणों ने बताया कि दिलीप अपनी बेटी अंजली को बेली रोड केंद्रीय विद्यालय में मैट्रिक परीक्षा दिलाने जा रहे थे। हादसे के बाद सड़क पर चीत्कार करते परिजनों को देख बाईपास की आस पास के घरों की महिलाएं भी घटनास्थल पर पहुंची और चीत्कार करते परिजनों को संभालने में जुटी । करीब 45 वर्षीय फोटो स्टेट दुकानदार मृतक दिलीप की पत्नी सुनैना बार बार होश में आने के बाद चीत्कार मारते हुए फिर बेहोश हो जाती। उसे समझ मे नही आ रहा था कि पति की मौत पर विलाप करे कि जिंदगी मौत से अस्पताल में झुझती बेटी को देखने अस्पताल कैसे जाए। हादसे के बाद संपतचक से आये ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल के बाहर जमा रही । वहीं संपतचक के गोसाईं मठ में मातम पसरा रहा । मृतक के घर परिजनों और अन्य महिलाओं की चीत्कार गूंजती रही।

पत्रकार नगर थानेदार इंस्पेक्टर भगवान राम ने बताया कि अज्ञात ट्रक ने हादसे को अंजाम देकर निकल भागा है जिसका पता लगाया जा रहा है। घायल मैट्रिक परीक्षार्थी का इलाज कराया जा रहा है जो अब खतरे से बाहर है ।

You may have missed