गाजियाबाद में बैंक प्रबंधक की गोली मारकर हत्या, अवकाश विवाद में सुरक्षा गार्ड बना हत्यारा

  • छुट्टी और वेतन को लेकर नाराज था आरोपी, सीने में गोली मारकर साथी संग फरार
  • पटना निवासी प्रबंधक की रास्ते में मौत, पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां पंजाब एंड सिंध बैंक के एक शाखा प्रबंधक की बैंक के अंदर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पटना निवासी अभिषेक शर्मा के रूप में हुई है, जो बैंक में प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। हत्या का आरोप बैंक के ही सुरक्षा गार्ड रवींद्र हुड्डा पर लगाया गया है, जिसे पुलिस ने उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया है। घटना लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के बलराम नगर इलाके की है। बताया जा रहा है कि आरोपी गार्ड पिछले कई दिनों से प्रबंधक से छुट्टी मांग रहा था, लेकिन छुट्टी नहीं मिलने के कारण वह नाराज चल रहा था। इसी बात को लेकर सोमवार को दोनों के बीच विवाद हुआ, जो अचानक हिंसक रूप ले बैठा। गार्ड ने बैंक परिसर में ही प्रबंधक के सीने में गोली मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज से बैंक में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी व ग्राहक दहशत में आ गए। इस दौरान आरोपी गार्ड अपने एक साथी के साथ बंदूक लेकर मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों आरोपी आराम से बैंक से बाहर निकले और पहले से खड़ी एक मोटरसाइकिल पर बैठकर भाग गए। घटना के बाद बैंक कर्मचारियों ने घायल प्रबंधक को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। उन्हें मोटरसाइकिल से अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार और परिचितों में गहरा शोक है। मृतक अभिषेक शर्मा मूल रूप से बिहार के पटना जिले के फुलवारीशरीफ स्थित लखीमपुर के निवासी थे। वे अगस्त 2025 से गाजियाबाद में अपनी पत्नी के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। उनकी पत्नी राधिका फिलहाल दिल्ली में थीं। परिवार में उनके माता-पिता गांव में रहते हैं और उनकी डेढ़ साल की एक बेटी भी है। अभिषेक की नौकरी वर्ष 2016 में लगी थी और वे पहले चंडीगढ़ में भी कार्यरत रह चुके थे। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी गार्ड अपने साथी के साथ बैंक से बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहा है। कुछ ही मिनट बाद अन्य कर्मचारी घायल प्रबंधक को बाहर ले जाते नजर आते हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी रवींद्र हुड्डा उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के मंसूरपुर गांव का रहने वाला है और उसकी नौकरी बैंक में करीब तीन महीने पहले ही लगी थी। पूछताछ में उसने बताया कि वह छुट्टी नहीं मिलने और वेतन से असंतुष्ट था। घटना के दिन वह प्रबंधक को मारने की नीयत से ही बैंक पहुंचा था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने बैंक में जमा अपनी डबल बैरल बंदूक को वहीं से लेकर वारदात को अंजाम दिया। उसने अपने साथी शीशपाल को बैंक के गेट पर खड़ा कर दिया था और विवाद के दौरान प्रबंधक को गोली मार दी। लोनी बॉर्डर थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

You may have missed