February 23, 2026

“तथ्यों और मर्यादा पर आधारित हो राजनीति, ‘न्याय के साथ विकास’ एनडीए का संकल्प” : प्रभाकर मिश्र

पटना। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के हालिया बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में व्यक्तियों को संयम, तथ्य और जवाबदेही के साथ अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विमर्श को तथ्यपरक और जनहित केंद्रित होना चाहिए, न कि केवल आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रहना चाहिए। मिश्र ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के कार्यकाल को लेकर जनता पहले ही अपना मत स्पष्ट कर चुकी है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती शासनकाल में प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगे थे, जबकि वर्तमान में एनडीए सरकार ने सुशासन, पारदर्शिता और विकास को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि बिहार में कानून का राज स्थापित करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कानून-व्यवस्था के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाती और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि ‘न्याय के साथ विकास’ एनडीए सरकार का मूल मंत्र है, जिसके तहत समाज के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और आर्थिक प्रगति को संतुलित रूप से आगे बढ़ाना है। मिश्र ने विपक्ष से आग्रह किया कि वे रचनात्मक राजनीति को बढ़ावा दें और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ संवाद और तथ्यों पर आधारित आलोचना ही राज्य के विकास के लिए उपयोगी सिद्ध होती है।

You may have missed