February 20, 2026

शाहपुर में पुलिस की छापेमारी, अर्धनिर्मित मकान से 3.5 किलो गांजा, अवैध पिस्टल और विदेशी शराब बरामद, तीन गिरफ्तार

फुलवारीशरीफ। पटना जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा, विदेशी शराब और अवैध हथियार बरामद किया है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और अवैध नशे और हथियार के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि देर शाम पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि शाहपुर गांव स्थित विक्की कुमार उर्फ विशाल के अर्धनिर्मित मकान में गांजा, विदेशी शराब और अवैध हथियार का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पटना सदर को इसकी जानकारी दी गई। उनके निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल और अनुसंधान किट को शामिल किया गया। साथ ही अंचलाधिकारी संपतचक को भी कार्रवाई की सूचना दी गई। इसके बाद शाम पुलिस टीम गुप्तचर की निशानदेही पर बताए गए अर्धनिर्मित मकान पर पहुंची। पुलिस टीम को देखते ही वहां मौजूद तीन लोग भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहपुर गांव निवासी विक्की कुमार उर्फ विशाल (31 वर्ष), सूरज कुमार (33 वर्ष) और रंजीत कुमार (17 वर्ष) के रूप में की गई है। पुलिस द्वारा मकान की तलाशी लेने पर लाल रंग की पॉलिथीन में लिपटा हुआ 3.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। बरामद गांजे का वजन इलेक्ट्रॉनिक तराजू से किया गया और इसे जब्त कर लिया गया। इसके अलावा पुलिस को तलाशी के दौरान एक मैगजीन लगा अवैध पिस्टल भी मिला। पिस्टल के बट पर पीतल का बना स्टार चिन्ह था और उस पर ‘संयुक्त राज्य अमेरिका में निर्मित’ अंकित पाया गया। यह हथियार अत्याधुनिक और खतरनाक माना जा रहा है। तलाशी के दौरान कमरे में छुपाकर रखी गई विदेशी शराब की कई बोतलें भी बरामद की गईं। पुलिस ने सभी बरामद सामग्री को जब्त कर लिया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद गांजा, शराब और हथियार कहां से लाए गए थे और इनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा था। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की भी पहचान करने में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है कि अवैध नशे और हथियार के कारोबार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

You may have missed