छठ पूजा का अपमान नहीं सहेगा बिहार: प्रभाकर मिश्र
- बाहरी लोगों को बुलाकर बिहार का अपमान करा रहे तेजस्वी
- राहुल ने बिहार आकर लिख दी महागठबंधन की स्क्रिप्ट
पटना। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रभाकर कुमार मिश्र ने महागठबंधन के नेताओं पर जमकर प्रहार करते हुए कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का अपमान बिहार के लोग कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे। छठ पूजा सिर्फ एक पर्व नहीं, बल्कि बिहार की सांस्कृतिक पहचान है। यह बिहार की अस्मिता है। बिहार की अस्मिता और पहचान को कोई अपमानित करेगा, तो बिहार के लोग चुप नहीं बैठेंगे, उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि राहुल गांधी ने बिहार की आस्था पर चोट पहुंचाई है, बिहार के लोगों को इससे बड़ा अपमान नहीं हो सकता। इस अपमान का बदला लोग महागठबंधन के खिलाफ वोट देकर लेंगे। तेजस्वी यादव बाहरी लोगों को बुलाकर बिहारियों और बिहार की संस्कृति का अपमान कर रहे हैं। तेजस्वी यादव को न तो बिहार से कोई लगाव है, न बिहारियों से और न ही बिहार के मान-सम्मान से। कोई भी आकर मंच से बिहार का अपमान करके चला जाता है और तेजस्वी उसपर तालियां बजाते हैं। बिहार में महागठबंधन की इतनी बड़ी हार होनेवाली है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होगी। राहुल गांधी ने बिहार आकर महागठबंधन की स्क्रिप्ट लिख दी है। महागठबंधन की इतनी बड़ी हार होगी कि फिर खड़ा नहीं हो पायेगा।


