February 21, 2026

बशिष्ठ बोले- जागृत छात्र राजनीति विकास का द्योतक, विवि व कॉलेजों में चलेगा ‘चलो नीतीश के साथ चलो’ अभियान

पटना। एक मार्च को होने वाले जदयू के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी को लेकर छात्र जदयू की बैठक जदयू के प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह के आवास पर हुयी। बैठक में छात्र जदयू के द्वारा तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवसन, सुरक्षा, स्वागत, भोजन, वाहन, प्रचार सहित कई कमिटियों का गठन कर आयोजन को सफल बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए बशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि जागृत छात्र राजनीति किसी भी देश के विकास का द्योतक है। छात्र अगर कोई चीज ठान लेते हैं तो उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। उन्होंने कहा कि जदयू का छात्र संगठन विधान पार्षद प्रो. रणबीर नंदन के मार्गदर्शन में बेहतर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति राजनीतिक दलों की प्रयोगशाला होती है और इससे निकले नेता टेस्टेड होते हैं। छात्र किसी भी दल के लिए कल के भविष्य हैं। इसलिए छात्र नेताओं को शालीनता, मर्यादा व अनुशासन में रहकर अपने दल के कार्यक्रम को आगे बढ़ाना चाहिए। श्री सिंह ने आगे कहा कि 2005 से पहले के बिहार व आज के बिहार के तस्वीर को लेकर हमें आम छात्रों को सरकार के द्वारा किये गए कार्यों को बताना है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार देश के ऐसे नेता हैं जिन्होंने राजनीति में निरंतरता के साथ विकास करते हुए समाज के सभी वर्ग व समुदाय के लिए काम किए।


इस मौके पर छात्र जदयू के प्रभारी विधान पार्षद प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि छात्र जदयू की यूनिट 15 मार्च से 15 मई तक राज्य के सभी विश्वविद्यालय व कॉलेजों में ‘चलो नीतीश के साथ चलो’ अभियान के तहत नये छात्रों को छात्र जदयू से जोड़ेगा। उन्होंने कहा कि आज के समय में छात्र जदयू का संगठन राज्य के सभी 10 विश्वविद्यालय व 477 कॉलेजों में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बिहार के छात्रों के लिए कई योजनाएं चलायी, जिसके चलते बड़ी संख्या में छात्र जदयू सं जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर जिले के लिए एक छात्र प्रमुख बनाए गए हैं जो जिलों से आने वाले छात्रों के लिए व्यवस्था काम देखेंगे।
छात्र जदयू के अध्यक्ष श्याम पटेल ने कहा कि महासम्मेलन के लिए छात्र जदयू की टीम प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर बिहार से आने वाले 20 हजार छात्रों के आवासन व भोजन की व्यवस्था डॉ. रणवीर नंदन के देखरेख में कर रहा है।

You may have missed