February 25, 2026

खेल-खेल में चली गोली: 5 साल के मासूम के जबड़े में लगी गोली, हालत गंभीर, पीएमसीएच में भर्ती

फुलवारीशरीफ,(अजीत)। परसा बाजार थाना क्षेत्र के सकरैचा पंचायत स्थित पुनपुन बांध के पास शिवनगर मुहल्ले मे शनिवार अहले सुबह बड़ा हादसा हो गया। धर्मेंद्र कुमार का पांच वर्षीय पुत्र पृथ्वी कुमार खेलते-खेलते गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मासूम के जबड़े में गोली लगते ही घर में हाहाकार मच गया और परिजन खून से लथपथ बच्चे को लेकर आनन-फानन में पीएमसीएच भागे, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जाता है कि घर में कई बच्चे आपस में खेल रहे थे। उसी दौरान घर में रखा पिस्तौल एक बच्चे के हाथ लग गया। पिस्तौल पहले से लोड था और खेल-खेल में उसका ट्रिगर दब गया। गोली निकलते ही पास में खेल रहे पृथ्वी कुमार के जबड़े में जा लगी। घटना इतनी अचानक हुई कि बच्चे की चीख सुनकर बगल के कमरे में मौजूद मां आरती देवी रोते-बिलखते दौड़ीं। उनके पीछे-पीछे पिता और अन्य परिजन पहुंचे तो देखा कि मासूम खून से लथपथ पड़ा है।घटना के बाद गांव और मोहल्ले के लोग जुट गए। चारों ओर अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर खून बिखरा पड़ा था, लेकिन परिवार के लोगों ने डर के मारे पुलिस कार्रवाई से बचने की नीयत से झाड़ू-पोंछा लगाकर खून के धब्बे मिटाने की कोशिश की। बावजूद इसके सूचना किसी तरह पुलिस तक पहुंच गई।।सूचना मिलते ही परसा बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। मां आरती देवी ने पुलिस को बताया कि वह बगल के कमरे में थीं और बच्चों के साथ खेलते-खेलते अचानक गोली चल गई। उन्हें यह तक नहीं पता कि पिस्तौल कहां से आया और घर में कैसे पहुंचा। घटना के बाद पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए थाना लाया है। बच्चों की मां ने बताया कि उसके पिता और नानी इलाज के लिए पटना के अस्पताल लेकर चले गए। वह बार-बार रो रही थी और बेहोश हुए जा रही थी। घर में कहीं और बच्चे थे लेकिन वह कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं थे। वहीं सूत्रों से पता चला है कि बच्चों के पिता धर्मेंद्र कुमार अंडा बेचने का धंधा करता है लेकिन धर्मेंद्र का भाई अपराधी प्रवृत्ति का है संभवत उसके भाई ने हीं पिस्तौल और गोली घर में रखा होगा। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि बच्चे की जो हालत थी उसे देखकर लगता है कि बच्चे की मौत हो गई लेकिन पुलिस का कहना है कि बच्चे का इलाज अभी चल रहा है। इधर, पीएमसीएच से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस का कहना है की बच्चे का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। परसा बाजार थाना पुलिस मामले की हर बारीकी से जांच कर रही है। एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी सदर-2 रंजन कुमार और परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस यह जानने में जुटी है कि अवैध हथियार घर में कैसे आया और आखिरकार मासूम के हाथों तक कैसे पहुंचा। बता दे कि अंडा विक्रेता धर्मेंद्र कुमार बहुत ही गरीब परिवार से आता है।उसके भाई बदमाश प्रवृत्ति के हैं।उसके कई बच्चे हैं जिसमें एक 5 साल का बच्चा पृथ्वी कुमार है जिसे गोली लगी है। पटना गया रेल लाइन के किनारे शिव नगर मोहल्ले में रेलवे की जमीन पर ही वह टूटी-फूटी झोपड़ी नुमा मकान में परिवार के साथ रहता है।

You may have missed