मोतिहारी में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, कुख्यात भू माफिया के घर की गई छापेमारी, मचा हड़कंप
मोतिहारी। बिहार में गुरुवार की सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस अचानक हुई रेड ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। सबसे बड़ी कार्रवाई पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में हुई, जहां कुख्यात अपराधी और भूमाफिया राहुल मुखिया के घर पर एनआईए की टीम सुबह चार बजे पहुंची। गोबिंदगंज थाना क्षेत्र के बहादुरपुर पंचायत स्थित खजुरिया गांव में राहुल मुखिया का घर छापेमारी का केंद्र बना। स्थानीय पंचायत की मुखिया ज्योति कुमारी के पति राहुल मुखिया पर लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप लगते रहे हैं। एनआईए की टीम ने उनके घर में दाखिल होकर परिजनों से पूछताछ की और कई संदिग्ध दस्तावेजों की गहन छानबीन की। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि कोई अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो। सुबह से जारी इस कार्रवाई ने पूरे इलाके को सन्नाटे में डाल दिया। ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल के पास जुटी, लेकिन पुलिस ने किसी को भी घर के भीतर जाने की अनुमति नहीं दी। दिलचस्प बात यह रही कि स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस इस मामले पर कुछ भी कहने से बचते रहे और आधिकारिक तौर पर कार्रवाई के कारणों की पुष्टि नहीं की। मोतिहारी के साथ ही वैशाली जिले के हाजीपुर में भी एनआईए ने एक और बड़ी कार्रवाई की। नगर थाना क्षेत्र के डाक बंगला चौक स्थित राजू राय के घर पर सुबह साढ़े चार बजे टीम ने दबिश दी। वहां भी स्थानीय पुलिस एनआईए को सहयोग कर रही थी। इस छापेमारी के चलते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोग सुबह से ही मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं करते रहे।सूत्रों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई हथियार तस्करी और एके-47 से जुड़े पुराने मामले के संदर्भ में हो रही है। कुछ वर्ष पहले मुजफ्फरपुर में एके-47 की बड़ी खेप बरामद की गई थी, जिसके तार बिहार और अन्य राज्यों में फैले अपराधियों से जुड़े पाए गए थे। इसी मामले में एनआईए ने हाल ही में जांच तेज की है और कई संदिग्धों के खिलाफ सबूत इकट्ठा किए हैं। संभावना है कि राहुल मुखिया और राजू राय जैसे लोगों के तार भी इसी नेटवर्क से जुड़े हों। हालांकि, अब तक न तो एनआईए और न ही स्थानीय प्रशासन ने छापेमारी को लेकर आधिकारिक बयान जारी किया है। एजेंसी पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है और जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की जानकारी साझा करने से परहेज कर रही है। मोतिहारी और हाजीपुर में हुई यह ताबड़तोड़ छापेमारी बिहार में अपराध और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। अचानक की गई इस रेड ने न केवल अपराध जगत बल्कि आम लोगों को भी चौंका दिया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि एनआईए की जांच आगे और भी बड़े खुलासे कर सकती है, जिससे बिहार में फैले आपराधिक नेटवर्क की गहरी परतें उजागर होंगी।


