गिरिराज सिंह का राहुल गांधी पर हमला, खानदानी ठग बताया, वोट अधिकार यात्रा पर कसा तंज

पटना। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय से सांसद गिरिराज सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर कड़ा हमला बोला है। अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी बिहार में सिर्फ राजनीति की नौटंकी करने आ रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी को “खानदानी ठग” करार देते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र को कमजोर करने वाली और जनता को गुमराह करने वाली पार्टी रही है। गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी द्वारा हाल में दिए गए उस बयान पर सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि बिहार में 65 लाख मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं। इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने कहा कि अगर वास्तव में इतना बड़ा आंकड़ा सही है तो कांग्रेस को कम से कम 65 हज़ार लोगों के शपथपत्र (एफिडेविट) तो चुनाव आयोग या सुप्रीम कोर्ट में दाखिल करना चाहिए था। लेकिन आज तक एक भी ठोस आवेदन नहीं दिया गया। इससे साफ है कि राहुल गांधी केवल झूठे आरोप लगाकर देश और राज्य की जनता को भ्रमित करना चाहते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी कभी ब्लैकबोर्ड पर अध्यापक बनते हैं, कभी नौटंकी करते हैं, लेकिन असली मुद्दों से बचते हैं। सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का इतिहास ही लोकतंत्र को कमजोर करने और संवैधानिक संस्थाओं की अनदेखी करने का रहा है। इमरजेंसी का उदाहरण देते हुए उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी की नानी और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी सुप्रीम कोर्ट के आदेश को न मानते हुए आपातकाल थोप दिया था। गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी आज भी तानाशाही मानसिकता से ही राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि यह वैसा ही है जैसे “चोर चोरी के खिलाफ बोलता है।” कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की चोरी करती रही है और अब वही लोग बिहार आकर वोट अधिकार यात्रा के नाम पर जनता को बहकाना चाहते हैं।.सिंह ने गंभीर आरोप लगाया कि राहुल गांधी की राजनीति का असली उद्देश्य देशविरोधी ताकतों को लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मंशा रोहिंग्या और बांग्लादेशी घुसपैठियों को वोट का अधिकार दिलाने की है, ताकि उनकी राजनीति जारी रह सके। यह लोकतंत्र के साथ धोखा है और देशहित के खिलाफ है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि मोदी गरीबों के मसीहा हैं, जो गरीबों और आम जनता के विकास के लिए योजनाएं चला रहे हैं। इसके विपरीत राहुल गांधी और उनकी पार्टी केवल झूठ, भ्रम और वोट बैंक की राजनीति पर टिके हुए हैं। कुल मिलाकर गिरिराज सिंह का यह हमला राहुल गांधी की “वोट अधिकार यात्रा” को लेकर भाजपा की राजनीतिक प्रतिक्रिया को स्पष्ट करता है। भाजपा इसे जनता को गुमराह करने की कोशिश मान रही है, जबकि कांग्रेस इसे लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा का आंदोलन बता रही है।

You may have missed