February 22, 2026

शिवहर में शादी समारोह में सिलेंडर ब्लास्ट, पंडाल जला, घर का सामान जलकर राख

शिवहर। बिहार के शिवहर जिले में गुरुवार देर रात को शादी समारोह के दौरान अचानक धमाका होने से अफरा-तफरी मच गई। फतेहपुर थाना क्षेत्र स्थित कहतरवा गांव में शादी में खाना बनाते वक्त गैस सिलेंडर फट गया। सिलेंडर ब्लास्ट इतना जबरदस्त था कि आग ने देखते ही देखते शादी का पंडाल सहित पूरे घर को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस आगजनी में पांडाल सहित घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। हालांकि, बाद में सीमित संख्या में पहुंचे बारातियों की मौजूदगी में बेटी की शादी सादगी से सम्पन्न की गई। गुरुवार देर रात कहतरवा गांव में सुरेश साह की सबसे छोटी बेटी की शादी की तैयारियां चल रही थीं। बारात तरियानी छपरा से आने वाली थी। तभी खाना बनाते वक्त एक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद शादी स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे जान बचाने के लिए खेतों की ओर भागे। आग ने घर, फर्नीचर, कपड़े, खाद्य सामग्री और कीमती सामानों को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आई, लेकिन आग पर काबू पाते तक लाखों का सामान राख हो चुका था। बारात आने से पहले ही शादी समारोह रद्द करना पड़ा। फतेहपुर थाना अध्यक्ष कोमल रानी मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आगजनी की वजहों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, गैस सिलेंडर ब्लास्ट को ही घटना की वजह माना जा रहा है।

You may have missed