February 22, 2026

नालंदा में बरसे तेजप्रताप: कहा- चूहों पर दोष मढ़कर बड़ी सुशासनी मछलियों को बचाया जा रहा है?

नालंदा। राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे व विधायक तेजप्रताप यादव शु्क्रवार को मुख्यमंत्री के गृह जिला नालंदा पहुंचे और सीएम नीतीश कुमार खूब बरसे। तेजप्रताप बाबा बख्तौर की सालाना पूजा में शामिल होने हरनौत के श्यामनगर गांव पहुंचे। श्याम नगर में उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने सभा को संबोधित किया और मंच से बांसुरी बजाकर लोगों को सुनाया। उन्होंने नियोजित शिक्षकों के फाइलों को चूहे कुतरने के सवाल पर कहा कि इसमें नीतीश चाचा फंस गए। गौरतलब है कि पटना हाईकोर्ट में एक लाख से अधिक नियोजित शिक्षकों की फाइल जमा नहीं की गई है। शिक्षा हाईकोर्ट ने जब इसकी मांग की तो विभाग की ओर से कहा गया कि फाइलों को चूहों ने कुतर दिया है।
राजद विधायक तेजप्रताप यादव ने शिक्षक नियोजन की फाइलों को चूहों द्वारा कुतरने के मुद्दे पर कहा कि नीतीश चाचा बुरी तरह फंस गए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच सीबीआई करे। उन्होंने कहा कि बिहार में 2020 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल तेज है। चुनाव में हमारा सुदर्शन चक्र चलेगा। उन्होंने कहा कि क्या कथित ड़बल इंजन सरकार में व्याप्त भ्रष्टाचार का सारा दोष चूहों पर मढ़कर बड़ी सुशासनी मछलियों को बचाया जा रहा है? मौजूदा सरकार में हर स्तर पर रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। थाना-ब्लॉक कहीं भी चले जाइए बिना रिश्वत के कुछ काम नहीं होता है। हर विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। ऐसा कौन सा विभाग बचा है जिसमें कोई बड़ा घोटाला नहीं हुआ है। सरेआम कागजों में और धरातल पर इनके घोटाले पकड़े जाने पर अब दोष चूहों को दिया जाने लगा है। मुख्यमंत्री ऐसे मामलों पर कुछ नहीं बोलकर अपनी जिÞम्मेवारी पूर्ण कर संतुष्ट हो जाते हैं। जनता अब जवाब चाहती है।

You may have missed