ओपिनियन पोल: जानिए दिल्ली चुनाव में आम आदमी पार्टी मिल रही कितनी सीटें
CENTRAL DESK : दिल्ली में दो दिन बाद आठ फरवरी को विधानसभा का चुनाव होना है और 11 फरवरी को नतीजे आएंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव से ठीक पहले एबीपी न्यूज-सी वोटर और टाइम्स नाऊ-आईपीएसओएस ने सर्वेक्षण के आधार पर बुधवार को ओपनियन पोल पेश कर दिया है। सर्वे के अनुसार आप को 54-60 सीटें मिल सकती हैं।
चांदनी चौक क्षेत्र
एबीपी न्यूज-सी वोटर के ओपिनियन पोल के अनुसार, दिल्ली के चांदनी चौक इलाके में अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी (आप) बाजी मारती दिखाई दे रही है। चांदनी चौक लोकसभा रीजन में विधानसभा की 10 सीटें हैं। सर्वे के अनुसार, यहां आप छह से आठ सीटें जीत सकती है। वहीं बीजेपी का आंकड़ा एक से तीन सीट के बीच रह सकता है। कांग्रेस अधिकतम एक सीट जीत सकती है।
पूर्वी दिल्ली क्षेत्र
एबीपी न्यूज-सी वोटर सर्वे के अनुसार, पूर्वी दिल्ली क्षेत्र में भी केजरीवाल का दबदबा कामय रह सकता है। इस क्षेत्र में भी 10 विधानसभा सीटे हैं। यहां आप छह से आठ सीटें जीत सकती है। इसके अलावा भाजपा को एक से तीन सीट, तो कांग्रेस को एक सीट से ही संतोष करना पड़ सकता है।
उत्तरी दिल्ली
इसी तरह उत्तरी दिल्ली क्षेत्र में भाजपा आप और कांग्रेस से आगे रह सकती है। यहां विधानसभा की 10 सीटें हैं। इस क्षेत्र में बीजेपी चार से 6 सीटें जीत सकती है। आप को तीन से पांच सीटें मिल सकती है। वहीं कांग्रेस को अधिकतम एक सीट हासिल हो सकती है।
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली
सर्वेक्षण के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र में आम आदमी पार्टी आगे रह सकती है। इस क्षेत्र में 7 से 9 सीटें जीत सकती हैं। वहीं भाजपा को यहां 1 से 3 सीटों पर सफलता हासिल मिल सकती है। कांग्रेस का इस क्षेत्र में खाता खुलना मुश्किल लग रहा है।
दक्षिण दिल्ली क्षेत्र
एबीपी न्यूज-सी वोटर सर्वेक्षण के अनुसार, दक्षिण दिल्ली क्षेत्र में आप 7 से 9 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। तो इस क्षेत्र में भाजपा को शून्य से दो सीटें मिल सकती है। वहीं, कांग्रेस को ज्यादा से ज्यादा एक सीट मिल सकती है। इस क्षेत्र में भी विधानसभा की 10 सीटें हैं।
पश्चिमी दिल्ली
एबीपी न्यूज-सी वोटर सर्वेक्षण के अनुसार, पश्चिमी दिल्ली क्षेत्र की विधानसभा की 10 सीटों पर अरविंद केजरीवाल की पार्टी छह से आठ सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है। वहीं भाजपा दो से चार सीटों पर। इस क्षेत्र में भी कांग्रेस का खाता खुलना मुश्किल लगता है।
नयी दिल्ली क्षेत्र
सर्वे के अनुसार, नयी दिल्ली क्षेत्र में आप 7 से 9 सीटों पर जीत दर्ज सकती है। यहां भी भाजपा का आंकड़ा एक से तीन सीटों के बीच रह सकता है। इस क्षेत्र में कांग्रेस को निराशा हाथ लग सकती है और उसका खाता खुलना भी मुश्किल है। नयी दिल्ली क्षेत्र में भी विधानसभा की 10 सीटें हैं।
टाइम्स नाऊ-आईपीएसओएस के सर्वे
वहीं टाइम्स नाऊ-आईपीएसओएस के सर्वेक्षण के अनुसार दिल्ली में एक बार फिर से अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में सरकार बनती दिख रही है। इस ओपिनियन पोल के अनुसार, दिल्ली में आप बेहद मजबूत स्थिति में दिख रही है और इस चुनाव में उसे 54-60 सीटें मिल सकती हैं। वहीं, भाजपा को 10-14 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है। जबकि कांग्रेस को 2 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है।


