September 17, 2025

खुसरूपुर थानाध्यक्ष अंकिता कुमारी लापरवाही के आरोप में सस्पेंड, एसएसपी ने जारी किया निर्देश

पटना। जिले के खुसरूपुर थानाध्यक्ष अंकिता कुमारी को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया गया है। एसएसपी अवकाश कुमार के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। 2018 बैच के सब इंस्पेक्टर मनजीत कुमार ठाकुर को नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले मनजीत कुमार की पोस्टिंग दानापुर थाने में थी। लोदीपुर गांव में आपसी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई थी। गोली लगने से उदय सिंह के पुत्र अनमोल कुमार की मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय रहते अगर प्रशासन एक्टिव रहती तो किसी की जान नहीं जाती। घटना के विरोध में मंगलवार को मृतक के परिजनों ने आरोपी पक्ष के राजेंद्र प्रसाद, शैलेंद्र प्रसाद, राजू कुमार, कमलेश सिंह, राजकुमार और कुंदन कुमार के घरों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए खुसरूपुर, सालिमपुर और दनियावां पुलिस मौके पर पहुंची थी। विवाद 2022 से चल रहा था। उदय सिंह और राजेंद्र प्रसाद के परिवारों के बीच विवाद इतना बढ़ गया था कि राजेंद्र प्रसाद के परिवार के दो सदस्य मंजू देवी और उनके पति अरुण सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोलीबारी में राजेंद्र प्रसाद के परिवार के तीन अन्य लोग भी घायल हुए थे। घटना के एक महीने बाद खेत में काम करते समय राजेंद्र प्रसाद पर भी गोलीबारी की गई थी।

You may have missed