September 16, 2026

केंद्रीय बजट में बिहार की घोर उपेक्षा की गई : कांग्रेस

पटना। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लोकसभा में पेश बजट पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि बजट दिशाहीन है तथा ग्रामीण क्षेत्र एवं आम जनता को इस बजट से कोई राहत नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि बजट में बिहार की घोर उपेक्षा की गई है। न तो बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिला, न ही कोई विशेष पैकेज। डॉ. झा ने कहा कि विश्व के अर्थशास्त्रियों का आकलन कि पिछले 45 वर्षो में भारत में बेरोजगारी उच्चतम स्तर पर है, के निराकरण के लिये कोई सार्थक पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 2014 में सत्ता में आने पर दो करोड़ युवाओं को प्रतिवर्ष नियोजित करने की घोषणा केवल छलावा ही साबित हुआ। डॉ. झा ने कहा कि रिजर्व बैंक आफ इंडिया एवं नीति आयोग ने भी देश में आर्थिक मंदी की बात स्वीकार की है। डॉ. झा ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह की यूपीए सरकार के दौरान रसोई गैस, पेट्रोल एवं डीजल की कीमत की तुलना में आज इन आवश्यक वस्तुओं के मूल्य दो गुना बढ़ गये हैं, इसे नियंत्रित करने का बजट में कोई प्रावधान नहीं है। डॉ. झा ने आगे कहा कि आयकर में रियायत मध्य वर्ग के लिये छलावा है, क्योंकि वित्त मंत्री द्वारा घोषित आयकर की दरों में किसी भी तरह के छूट के प्रावधान को समाप्त कर दिया गया है।

You may have missed