जमुई में बस पर छात्रों ने की रोड़ेबाजी, तीन लोग घायल, बड़ा हादसा टला
जमुई। बिहार के जमुई में बस पर छात्रों ने रोड़ेबाजी कर दी। बस पर सवार तीन लोग घायल हो गए, एक की हालत गंभीर है। पत्थरबाजी के बाद बस अनियंत्रित हो गई थी। सड़क किनारे पेड़ से टकरा जाती, लेकिन चालक ने बस को कंट्रोल कर लिया। बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में सवार लोग शेखपुरा जिले के बरबीघा से सोनो के बटिया गांव में झुमराज स्थान मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। मामले की जानकारी डायल-112 की पुलिस को दी गई। जिसके बाद सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल की पहचान शेखपुरा जिले के बरबीघा निवासी महेश राम, उपेंद्र कुमार सहित अन्य के रूप में की गई है। घटना जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग के चौड़ीहा के पास की है। घायल उपेंद्र कुमार ने बताया कि मेरी निजी बस है। पूरे परिवार सहित अन्य लोगों के साथ सोमवार की सुबह पाठा की बलि देने के लिए जमुई जिले के सोनो प्रखंड अंतर्गत बटिया झूमराज बाबा के मंदिर जा रहा था। जैसे ही बस जमुई-सिकंदरा मुख्य मार्ग के चौड़ीहा के पास पहुंची, 5 से 6 छात्रों ने बस पर रोड़ेबाजी कर दी। घटना की जानकारी के बाद टाउन थाने की पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है। टाउन थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि 112 पुलिस की टीम ने पूरी घटना की जानकारी दी है।


