September 24, 2026

मधेपुरा में भाजपा जिला महामंत्री के पिता की गोली मारकर हत्या, घर के पास घटना को दिया अंजाम

मधेपुरा। बिहार के मधेपुरा जिले में गोली लगने से घायल भाजपा के जिला महामंत्री अभिषेक कुमार साह के पिता की गुरुवार की रात इलाज के दौरान दरभंगा में मौत हो गई। गुरुवार की शाम घर के सामने ही बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। आनन-फानन में उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। चिकित्सकों प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया था। डीएमसी पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। घटना मधेपुरा जिले के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत जजहट सबैला की है। मृतक की पहचान भाजपा नेता अभिषेक साह के पिता राम नारायण साह उर्फ डोमी साह (60) के रूप में की गई है। घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि राम नारायण साह उर्फ डोमी साह अपने घर के आगे टहल रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गोली उनके बाएं भाग के सीने में लगते हुए आर-पार हो गई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां मौके पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें डीएमसीएच दरभंगा रेफर कर दिया। परिजनों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक यादव ने प्रशासन से अविलंब अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है। बताया जा रहा है कि पिछले पंचायत चुनाव में रामनारायण साह की पत्नी मुखिया से चुनाव लड़ी थी, जिसमें वह दूसरे स्थान पर रही थी। इस बार पैक्स चुनाव में भाग्य आजमाने की तैयारी में जुटे थे। हालांकि गोली किसने और क्यों मारी है, इस बात का अभी तक पता नहीं चल पाया है। सिंहेश्वर थानाध्यक्ष वीरेंद्र राम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

You may have missed