पटना समेत प्रदेश में बदला मौसम का पैटर्न, नवंबर के पहले हफ्ते के बाद बढ़ेगी ठंड
पटना। राजधानी पटना समेत बिहार के कई जिलों के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। शुक्रवार को भी खिली धूप निकली रही। वही बात करें आज यानी शनिवार के मौसम की तो आज आसमान साफ रहेगा और धूप खिलने की संभावना है। हालांकि, राज्य के उत्तरी भागों में हल्की ठंड का अहसास होना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के पहले सप्ताह के बाद से ठंड में और इजाफा होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के जारी पूर्वानुमान के अनुसार जैसे-जैसे नवंबर आगे बढ़ेगा वैसे-वैसे प्रदेश में ठंड भी देखने को मिलेगी। मौसम में लगातार बदलाव होता रहेगा। जिसके कारण प्रदेश में वायरल बुखार के मामले बढ़ेंगे, जिसको लेकर विभाग ने लोगों को सावधान रहने की अपील की है। वही छठ महापर्व के दौरान भी लोगों को छठ घाटों पर हल्की ठंड का एहसास होने लगेगा। और नवंबर महीने के समाप्ति के बाद प्रदेश में पूरी तरह से ठंड आ जाएगी। पछुआ हवा के आगमन से मौसम में बदलाव आ रहा है। विशेष रूप से, न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। पटना मौसम केंद्र के अनुसार, 4 नवंबर से तापमान में गिरावट शुरू होगी और 15 नवंबर तक राज्य में ठंड का असर पूरी तरह से महसूस किया जाएगा। हालांकि, अभी भी मौसम साफ बना हुआ है। अगले सप्ताह में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। पिछले 24 घंटों में अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। बिहार में पछुआ हवाओं के आगमन से मौसम में एक महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिल रहा है। ये हवाएं क्षेत्र के तापमान को प्रभावित करती हैं और सर्दी के मौसम का आगमन लाती हैं। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जाएगी।


