January 29, 2026

एसपी लिपि सिंह ने किया आधे दर्जन मिनीगन फैक्टरी का उद्भेदन, कई गिरफ्तार

मुंगेर। लेडी सिंघम बनकर उभरी मुंगेर एसपी लिपि सिंह का अपराधियों के विरूद्व कार्रवाई का दौर लगातार जारी है। इसके पहले जब लिपि सिंह पटना जिला के बाढ़ एएसपी थी तो उन्होंने कई छोटे-बड़े अपराधियों को मांद में दुबकने को मजबूर कर दिया था, तो कईयों सलाखों के पीछे भेजे गए थे। यहां अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को भी जेल की यात्रा कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब उन्होंने अवैध हथियार का शहर माने जाने वाले मुंगेर में अपराधियों के विरूद्व अभियान छेड़ अपनी मंशा जाहिर कर दी है।
मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दियारा क्षेत्र में मुंगेर पुलिस ने शनिवार को अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने जहां आधे दर्जन से अधिक मिनीगन फैक्टरी का उद्भेदन किया। वहीं चार से अधिक हथियार निर्माता व तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिससे पूछताछ के आधार पर पुलिस छापेमारी कर रही है। एसपी लिपि सिंह ने छापेमारी की तो पुष्टि की है, लेकिन विस्तृत जानकारी देने से इन्कार किया। बता दें 9 जनवरी को भी एसपी के निर्देश पर टीकारामपुर दियारा में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया था, जिसमें आठ मिनीगन फैक्टरी का उद्भेदन किया गया था।
बताया जाता है कि एसपी लिपि सिंह को गुप्त सूचना मिली कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दियारा इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध हथियार का निर्माण किया जा रहा है। जिसके आधार पर शनिवार की अहले सुबह से दियारा क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। सूत्रों के अनुसार छापेमारी अभियान के दौरान आधा दर्जन से अधिक मिनीगन फैक्टरी का उद्भेदन किया गया, साथ ही भारी मात्रा में निर्मित व अर्धनिर्मित हथियार तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किये गये हैं। इस दौरान कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। जिससे सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार हथियार कारोबारियों से पूछताछ के आधार पर छापेमारी की रणनीति बनायी है। माना जा रहा है कि शनिवार की रात भी कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया जायेगा, जिसके कारण इस संबंध में पुलिस पदाधिकारी कोई खास जानकारी नहीं दे रहे हैं।

You may have missed