पवन वर्मा का पलटवार: सीएम नीतीश के जवाब पर आगे की कार्रवाई का फैसला करूंगा

CENTRAL DESK : जदयू महासचिव पवन वर्मा ने गुरुवार को कहा कि वह अपनी आगे की रणनीति का फैसला अपने खत पर पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार का जवाब आने के बाद करेंगे और कहा कि उन्हें देश और पार्टी के लिये जो सही लगेगा, वह बोलना जारी रखेंगे। पवन वर्मा की टिप्पणी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस बयान के बाद आयी है, जिसमें उन्होंने मोदी सरकार के नागरिकता से जुड़े फैसलों को लेकर पार्टी के पर चिंता जाहिर करने के लिये जदयू महासचिव को आड़े हाथों लिया और कहा कि वह जहां जाना चाहें वहां जाने के लिए स्वतंत्र हैं। राज्यसभा के पूर्व सदस्य ने कहा, मुझे कोई जवाब नहीं मिला है। पार्टी अध्यक्ष का जवाब आने या नहीं आने पर मैं अपनी आगे की रणनीति पर फैसला करूंगा। मुझे जो सही लगता है, जो देश और पार्टी के लिये अच्छा है वह बोलना मैं जारी रखूंगा। संशोधित नागरिकता कानून और राष्ट्रीय जनसंख्या पंजी की कवायद को लेकर पूर्व राजनयिक ने जदयू से अलग रुख अपनाया और अक्सर वह यह दावा करते हैं कि ये कदम तथा भाजपा के एजेंडे में शामिल राष्ट्रीय नागरिक पंजी देश को बांटने वाले हैं।
बता दें हाल में सोशल मीडिया पर पोस्ट किये गये एक पत्र में पवन वर्मा ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी के भाजपा के साथ गठजोड़ करने के बाद इस मुद्दे पर नीतीश कुमार से वैचारिक स्पष्टता की मांग की थी।

You may have missed