जदयू का प्रशिक्षण शिविर शुरू, बोले आरसीपी- शून्य से शिखर तक संकल्पित हों कार्यकर्ता
पटना। राजगीर के कन्वेंशन सेंटर में जदयू के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को भव्य शुभारंभ हुआ। 423 मास्टर ट्रेनर के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन जदयू के राष्ट्रीय महासचिव व राज्यसभा में दल के नेता आरसीपी सिंह तथा राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने संयुक्त रूप से किया। जदयू प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार की अध्यक्षता में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि जदयू का संगठन आज बूथ स्तर पर स्थापित हो चुका है। आज बिहार के 72 हजार से अधिक बूथों पर हमारे बूथ अध्यक्ष और सचिव तैनात हैं, बूथ कमिटियां बन चुकी हैं, सभी विधानसभाओं में सांगठनिक सम्मेलन हो चुका है और अब हम अपने सभी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने की तैयारी कर रहे हैं। आज हम बड़े गौरव के साथ कह सकते हैं कि न केवल हमारे नेता सर्वश्रेष्ठ हैं, उनकी नीतियां, विचार और आदर्श सर्वश्रेष्ठ हैं बल्कि संगठन के मामले में भी हम किसी से पीछे नहीं। श्री सिंह ने कहा कि दल के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र में नेता हैं और यह दायित्व उन्हीं के कंधों पर है कि 2020 में फिर नीतीश कुमार के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बने। उन्होंने कहा कि जिस तरह आपके नेता के नेतृत्व में बिहार ने शून्य से शिखर की यात्रा तय की है, उसी तरह सभी कार्यकर्ताओं को शून्य से शिखर तक जाने के लिए स्वयं को संकल्पित करना होगा।
शिविर के दौरान पार्टी की विचारधारा पर बोलते हुए राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने 14 वर्षों के शासनकाल में किन विचारों पर चलकर बिहार का कायाकल्प किया है, यह सभी कार्यकर्ताओं को जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले बिहार से बाहर ‘बिहारी’ शब्द का इस्तेमाल गाली की तरह होता था, हम बीमारू राज्य कहलाते थे, लेकिन नीतीश कुमार के करिश्माई नेतृत्व में बिहार आज कई विकसित राज्यों से आगे है। शराबबंदी और जल जीवन हरियाली जैसे अभियान आज ट्रेंड सेंटर बन चुका है।
प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील कुमार ने आत्म और नेतृत्व विकास पर कहा कि हम सभी के भीतर नेतृत्व क्षमता है, जिसका उपयोग हमें अपने नेता द्वारा किए गए कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में करना चाहिए। प्रशिक्षण शिविर में अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मोटिवेशनल स्पीकर नियाज अहमद एवं आर. कल्याण का प्रशिक्षण सत्र भी हुआ।
इस मौके पर विधानपार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, प्रो. रणवीर नंदन, ललन सर्राफ, तनवीर अख्तर, राष्ट्रीय सचिव रविन्द्र सिंह, प्रदेश महासचिव डॉ. नवीन कुमार आर्य, अनिल कुमार, परमहंस कुमार, चंदन कुमार सिंह, कामाख्या नारायण सिंह, जदयू मीडिया सेल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमरदीप, जदयू नेत्रियां डॉ. सुहेली मेहता, डॉ. भारती मेहता, डॉ. रंजू गीता, अंजुम आरा, श्वेता विश्वास समेत सभी क्षेत्रीय संगठन प्रभारी, जिला संगठन प्रभारी, जिलाध्यक्ष, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष एवं सभी विधानसभा प्रभारी सम्मिलित हुए।


