जब शराब भट्टी देखकर पटना प्रमंडलीय आयुक्त रह गए दंग, बिहार में खुली शराबबंदी की पोल

file photo

पटना।  बिहार में शराबबंदी की पोल एक बार फिर खुली है। अभी शराबबंदी, नशा मुक्त बिहार, दहेजबंदी और जल जीवन हरियाली को लेकर विश्व रिकार्ड बनाए गए मानव श्रृंखला का एक सप्ताह गुजरा भी नहीं था कि राजधानी पटना में जाम की समस्या से निबटने के लिए जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बेली रोड मुशहरी के पास शराब भट्टी मिली। जहां भारी मात्रा में अर्धनिर्मित शराब बरामद किया गया है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि राजधानी के अतिव्यस्त इलाका में बेरोकटोक देशी शराब बनाने व बेचने का धंधा चल रहा था और स्थानीय पुलिस को इसकी खबर नहीं थी। जब राजधानी में शराब का अवैध धंधा पुलिस के नाक के नीचे बदस्तूर चल रहा है, तो अन्य जिलों में शराबबंदी की बात करना गले नहीं उतर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जाम की समस्या से राजधानीवासियों को निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन बुधवार को राजधानी के कई इलाकों में अभियान चलाया। अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिला प्रशासन को राजधानी के अतिव्यस्तम बेली रोड स्थित मुसहरी बहुमंजिला भवन के पास शराब भट्ठी मिली। अधिकारियों और पुलिस टीम को देख कर शराब भट्ठी चलानेवाले फरार होने में कामयाब रहे, हालांकि मौके से पुलिस ने काफी मात्रा में जावा-महुआ और अर्धनिर्मित शराब बरामद की है। साथ ही शराब बनाने के लिए बनायी गयी आग की भट्ठी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। मामले में किसी के गिरफ्तार किये जाने की सूचना नहीं है। हालांकि, शास्त्रीनगर थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है।
बताते चलें, पटना प्रमंडल के आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, नगर निगम की अपर आयुक्त शीला ईरानी आशियाना नगर मोड़ पर पुलिस दल-बल लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचे थे। आशियाना नगर मोड़ पर स्थित मुसहरी बहुमंजिला इमारत के आसपास लोग पक्का मकान बना कर अतिक्रमण कर रखे थे। टीम ने अवैध निर्माण को तोड़ना शुरू किया। इसी दौरान आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल और अपर नगर आयुक्त शीला ईरानी बहुमंजिला भवन के पीछे के हिस्से की ओर गये। यहां शराब भट्ठी देख कर आयुक्त दंग रह गये। उन्होंने तुरंत मामले की जांच का निर्देश जिलाधिकारी और एसएसपी को दिया। साथ ही जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा। मौके पर मौजूद आयुक्त ने कहा कि पूरे मामले की जांच करायी जायेगी। उक्त स्थान पर शराब भट्टी चलाना गंभीर मामला है। अगर किसी की भी लापरवाही सामने आयी, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है।

You may have missed