गिरिराज सिंह ने कर दी भविष्यवाणी! कहा- नीतीश कुछ दिन के मेहमान, जल्द ही तेजस्वी बनेंगे मुख्यमंत्री

पटना। बिहार की सियासत में पिछले कुछ दिन से नीतीश कुमार व JDU को लेकर खूब अटकलबाजी हो रही है। एक तरफ जहां नीतीश की NDA में वापसी को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ JDU अध्यक्ष ललन सिंह के इस्तीफे की चर्चा जोरों पर है। वही इन सब के बीच केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने दावा किया है कि बिहार में अगला मुख्यमंत्री राजद का बनेगा। उन्होंने आगे कहा कि अगर इच्छा से नीतीश कुर्सी नहीं छोड़ते हैं तो लालू यादव जबरन उनको हटाकर तेजस्वी की सीएम बनाएंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि बिहार के सीएम नीतीश अब कुछ ही दिन के मेहमान हैं, इसके बाद वह मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। उन्होंने दावा किया कि लालू यादव ने पूरा चक्रव्यूह रच दिया है। पहला चक्रव्यूह के रूप में उन्होंने अपने करीबी अवध बिहारी चौधरी को विधानसभा का स्पीकर बनाया था। सरकार बनाने के लिए राजद को 5-6 विधायक चाहिए, जबकि उससे अधिक राजद के साथ जाने को तैयार है। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष की मदद से लालू खेल कर देंगे। गिरिराज सिंह ने आगे कहा कि तेजस्वी यादव बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे, ये तय है। उन्होंने आगे कहा कि नीतीश कुमार को किसी भी सूरत में तेजस्वी यादव को सीएम बनाना होगा। अगर वह स्वेच्छा से सीएम पद नहीं छोड़ेंगे तो लालू जबरन हटा देंगे। लिहाजा नीतीश के पास एक रास्ता यही है कि वह तेजस्वी को सीएम बना दें व दूसरा जेडीयू का राजद में विलय कर दें लेकिन किसी भी स्थिति में वह मुख्यमंत्री नहीं रह पाएंगे।

You may have missed