खुलासा: अवैध संबंध में हुई खुसरुपुर के दीनानाथ की हत्या, रेल पुलिस ने 18 घंटे के अंदर किया खुलासा
दो गिरफ्तार तथा तीन हैं फरार, पुलिस ने हथियार भी किया बरामद

फतुहा। खुसरुपुर के बैकटपुर निवासी 20 वर्षीय दीनानाथ पासवान की हत्या एक महिला के साथ अवैध संबंध रहने के कारण की गयी थी। यह हत्या बीते गुरुवार की रात्रि जेठुली में ही महिला के घर में गरांसे व लाठी से हमला कर की गई थी। शनिवार को इस बात का खुलासा बंका घाट पहुंची रेल डीएसपी पूनम केशरी ने किया। दीनानाथ की हत्या में छह लोग शामिल थे, जिसमें महिला के पति के अलावे ससुर व उसके परिजन शामिल हैं। रेल डीएसपी के अनुसार घटनास्थल से हत्या के दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा पति व ससुर समेत चार फरार हैं। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से हत्या में शामिल हथियार गरांसे व एक डंडा जिस पर खून लगे थे, बरामद कर लिया गया है। घटनास्थल पर खून के धब्बे व कुछ वस्त्र भी मिले हैं, जिसकी जांच फोरेंसिक टीम के अधिकारी कर रहे हैं। गिरफ्तार लोगों में महिला के भैंसुर सिंधु यादव तथा अशोक यादव शामिल है। फरार आरोपी में महिला का पति विनोद राय, ससुर छत्रपति राय तथा देवर सोनू कुमार व पिंटू कुमार शामिल है।

पूनम केशरी ने बताया कि महिला का मायके बैकटपुर में ही है। वहीं से मृतक दीनानाथ का उसके साथ अवैध संबंध था। शादी के बाद भी मृतक महिला से मिलने के लिए उसके ससुराल जेठुली आया-जाया करता था। बीते गुरुवार को भी महिला ने उसे अपने घर मिलने के लिए बुलाया था। जहां वह महिला के साथ आपत्तिजनक अवस्था में था। इस बात की भनक महिला के ससुराली परिजनों को हो गयी। उसका पति, ससुर व पति के भाई लोग उसके कमरे में ही दबोच लिया तथा गरांसे से हमला कर दिया। हमले में जब वह घायल नहीं हुआ तो डंडा से उसके सिर पर मारकर बेहोश कर दिया। इसके बाद गला रेतकर हत्या कर दी। अपराधियों ने सुसाइड दिखाने के लिए शव को प्लास्टिक के बोरे में भरकर रेलवे ट्रैक पर रख दिया। उन्होंने बताया कि हत्याकांड के खुलासा के लिए राजेंद्रनगर जीआरपी प्रभारी अजय कुमार, गुलजारबाग जीआरपी प्रभारी सुरेश राम तथा बंका घाट के प्रभारी छोटे लाल की एक टीम गठित की गई। टीम ने मृतक के दोस्तों से संपर्क साधा तो अवैध संबंध की बात सामने आई। इसके बाद टीम ने वैज्ञानिक अनुसंधान के तहत काम करना शुरू किया और मामले का खुलासा हो गया। विदित हो कि बीते शुक्रवार को खुसरुपुर के बैकटपुर निवासी दीनानाथ पासवान की शव जेठुली के पास रेल पुलिस ने रेलवे ट्रैक से बरामद किया था।

