टैक्स कमिश्नर की मां की हत्या मामले में पोता गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दो को दबोचा
पटना। राजधानी पटना में झारखंड के रिटायर्ड सेल्स टैक्स कमिश्नर भीम प्रसाद की मां (80) की हत्या मामले में नया खुलासा हुआ है। ललिता देवी के रिश्ते में लगने वाले पोते (17) को पुलिस ने अरेस्ट किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने गिरफ्तारी की है। उसके साथ हत्या में एक दोस्त भी शामिल था। घटना के बाद पोतियों ने पुलिस के सामने लूटपाट के बाद हत्या की बात कही थी, लेकिन पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। गली में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में दो लोग जाते दिखे थे। पुलिस ने दोनों की पहचान को लेकर अपने सोर्स से पता किया। जानकारी मिली की दोनों में से एक युवक मृतक का रिश्ते में पोता लगता है। पुलिस फिर उसके घर पहुंची। पूछताछ और छानबीन के बाद वो शर्ट भी बरामद कर लिया है जो वो सीसीटीवी में पहने दिखा था। जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग अपने घर में अकेली रहती थी। महिला की हत्या संपत्ति विवाद को लेकर किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस नाबालिग पोते से पूछताछ कर रही है। आरोपी नशे का आदि है। उसका मकान और ललिता देवी का मकान आसपास है। बताया जा रहा है कि आरोपी जिस मकान में रहता है, वो पुराना है। वहां नशेड़ियों का जुटान भी होता है। पुलिस ने वहां से शराब की बोतल, माचिस और पेचकस भी बरामद किया है। नशे की बात लेकर एक हफ्ते पुलिस ने आरोपी के घर की तलाशी भी ली थी, लेकिन उस वक्त कुछ बरामद नहीं हुआ था। मृतका ललिता देवी के पति अयोध्या भगत स्वतंत्रता सेनानी रह चुके हैं। बेटा भीम प्रसाद सेल टैक्स कमिश्नर रह चुके हैं। अब वे रिटायर्ड हो चुके हैं। वे रांची में ही अपने परिवार के साथ रहते हैं। मां पटना की बुद्धा कॉलोनी में रहती थी। ऊपर वाले फ्लोर पर हॉस्टल चलता था। ललिता देवी ने ये ऊपर वाला फ्लोर किराए से हॉस्टल के लिए दिया था।


