November 17, 2025

खबरें फतुहा की: भूमि विवाद में 50 वर्षीय महिला को लगी गोली, घर में घुसकर महिला के साथ की छेड़खानी, जश्न मनाते पांच गिरफ्तार

भूमि विवाद में चली गोली 50 वर्षीय महिला को लगी, रेफर


फतुहा। गुरुवार को सुबह थाना क्षेत्र के जफराबाद गांव में भूमि विवाद को लेकर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस मारपीट के दौरान एक गुट के युवक ने विरोधी गुट पर गोली चला दी। गोली लगने से एक 50 वर्षीय महिला गंभीर रुप से घायल हो गयी। गोली महिला के बाएं हाथ में लगी है। परिजनों ने तत्काल उसे पीएचसी में भर्ती कराया, जहां से उसे एनएमसीएच के लिए रेफर कर दिया गया है। महिला की पहचान स्व. अजय सिंह की पत्नी सरस्वती देवी के रुप में हुई है। इस संदर्भ में घायल महिला के पुत्र शंभु कुमार ने चार लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है। बताया जाता है कि शंभू कुमार अपनी मां के साथ खेत में आलू बोने का काम कर रहा था, तभी विरोधी गुट के चार लोग वहां पहुंचे तथा खेत में आलू बोने से मना करने लगे। जब शंभू कुमार ने विरोध किया तो चारों लोग खेत में ही मारपीट करने लगे। इसी दौरान विरोधी गुट के नामजद आरोपी अरुण सिंह ने शंभू के उपर गोली चला दी। गोली से तो वह बाल बाल बच गया लेकिन यह गोली उसकी मां सरस्वती देवी को लग गयी। इस घटना के बाद सभी आरोपी गांव छोड़कर फरार हैं। थानाध्यक्ष मनीष कुमार के अनुसार प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

नये साल पर शराब पीकर जश्न मनाते पांच गिरफ्तार
फतुहा। बीते बुधवार को पुलिस ने नववर्ष की संध्या पर शराब पीकर जश्न मनाते पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी बांकीपुर गोरख मुहल्ले से हुई है। पुलिस के मुताबिक सभी शराब के नशे में जश्न के साथ-साथ उत्पात भी मचा रहे थे। पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया है। गिरफ्तार लोगों में बांकीपुर गोरख के सूरज कुमार, राहुल कुमार, मकसुदपुर के गुड्डू कुमार, गढोचक के कन्हैया राय तथा जेठुली के उपेन्द्र राय शामिल हैं।

शराब माफियाओं ने घर में घुसकर महिला के साथ की छेड़खानी, विरोध करने पर पूरे परिवार को पीटा
फतुहा। बीती रात्रि थाना क्षेत्र के जग्गु बिगहा गांव में शराब माफियाओं द्वारा घर में घुसकर एक महिला के साथ मारपीट की गयी तथा छेड़खानी भी की गई। जब महिला को बचाने उसके पति व सास आयी तो शराब धंधेबाजों ने उनदोनों को भी पीटकर गंभीर रुप से जख्मी कर दिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने जख्मी महिला के साथ-साथ उसके पति संजय यादव व सास मीना देवी का भी इलाज पीएचसी में कराया है। पीड़ित महिला राखी देवी ने छह लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है। पीड़ित महिला की माने तो धंधेबाजों के खिलाफ जब पुलिस गांव में छापेमारी करती है तो सभी आरोपी पुलिस के साथ मुखबिरी करने का आरोप लगा प्रताड़ित करते हैं। इसी आरोप के तहत ही धंधेबाज बीते रात्रि उसके घर में हथवे हथियार के साथ घुस गए थे। घटना के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है।

असमाजिक तत्वों ने मां-बेटी को पीटा

फतुहा। बीते रात्रि थाना क्षेत्र के गोरी पुनदाह गांव में घर के पास शोरगुल पर मना किए जाने पर असमाजिक तत्वों ने मां-बेटी को पीटकर चोटिल कर दिया। पीड़ित महिला देवंती देवी ने अपने विवाहित बेटी अंजु देवी के साथ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी है। शिकायत के आलोक में पुलिस मामले की छानबीन करने में जुटी है। बताया जाता है कि बीते रात्रि गांव के ही असमाजिक तत्व के लड़के पीड़ित महिला के घर के पास शोरगुल कर रहे थे।

You may have missed